भिलाई अपराध : पिता और फूफा ने दोनों बहनों का किया यौन शोषण

भिलाई, क्राइम इंडिया संवाददाता। छत्‍तीसगढ़ में दुर्ग जिले की जामुल पुलिस ने दो ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्‍होंने पिता-पुत्री व फूफा-भतीजी जैसे रिश्तों को शर्मशार किया है। इन पर दो नाबालिग बहनों का दैहिक शोषण करने का आरोप है। इनकी इस करतूत से दोनों बहनें इस कदर परेशान हो गईं कि ये घर से भाग गईं और रायपुर में एक किराये का मकान लेकर रहने लगीं। दोनों वहां पर काम कर के अपना जीवन गुजार रही थीं। दोनों के लापता होने पर उनका दैहिक शोषण करने वाले पिता ने ही खुर्सीपार थाना में प्राथमिकी कराई थी। दोनों बहनों के बारे में पता चलने पर पुलिस ने उन्हें रायपुर से ढूंढ़ निकाला। पुलिस ने जब दोनों से घर छोड़कर जाने की वजह के बारे में पूछा तो इन्‍होंने सच्‍चाई का खुलासा किया। सब कुछ पता चलने पर पुलिस खुद हैरान रह गई और बाद में आरोपित पिता और फूफा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजा। पुलिस ने बताया कि खुर्सीपार थाना क्षेत्र में रहने वाली दो सगी बहनें वर्ष, 2017 में लापता हो गई थीं। खुर्सीपार थाना में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज थी। दोनों को जब रायपुर से बरामद किया गया तो उन्होंने बताया कि उनमें से एक वर्ष 2017 में छावनी के शासकीय स्कूल में पढ़ती थी। स्कूल के पास ही उसके बुआ और फूफा का घर था। दोपहर का खाना खाने के लिए वह अपनी बुआ के घर जाती थी। 28 अगस्त, 2017 को पीड़िता अपनी बुआ के घर गई तो वहां पर उसकी बुआ नहीं थी। उसका फूफा अकेला घर पर था। उसने पीड़िता से छेड़खानी की। इसके बाद से आरोपित लगातार उसका दैहिक शोषण करता रहा। पीड़िता ने एक दिन अपने पिता को इसके बारे में जानकारी दी तो उसके पिता ने उसे ही उल्टा डांटकर चुप करा दिया। पीड़िता ने अपनी बहन को इस बारे में बताया। लेकिन, उसके पास करने के लिए कुछ नहीं था। इसके बाद आरोपित पिता ने भी दोनों बहनों का दैहिक शोषण करना शुरू कर दिया। पीड़िताओं की मां की मानसिक हालत ठीक नहीं थी इसलिए दोनों बहनें अपनी मां से भी कुछ न कह सकीं। इस कारण से दोनों ने अपना घर छोड़ दिया और रायपुर में जाकर रहने लगी थीं। बरामदगी के बाद उनके बयान के आधार पर आरोपित फूफा और पिता के खिलाफ दुष्कर्म, छेड़खानी, धमकाने और पाक्सो एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This