West Bengal, Kolkata एसटीएफ ने उत्तर कोलकाता में दक्षिण सिंथी चौराहे के पास बीटी रोड से मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से पांच करोड़ रुपये मूल्य की एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। इसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ बतायी गई है। राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से पांच करोड़ रुपये मूल्य की एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ ने बुधवार को मादक पदार्थ तस्कर को उत्तर कोलकाता में दक्षिण सिंथी चौराहे के पास बीटी रोड से गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि आरोपित रवि राय के पास से लगभग 1.011 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा उसके पास से 1.70 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। अधिकारी ने बताया कि आरोपित हुगली जिले के कोन्ननगर का निवासी है। उन्होंने बताया कि आरोपित पर स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी मादक पदार्थ कानून (एनडीपीएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताते चलें कि इससे पहले गुजरात पुलिस की एटीएस और डीआरआइ ने संयुक्त अभियान चलाकर कोलकाता बंदरगाह के पास एक कंटेनर से हाल में 40 किलोग्राम हेरोइन जब्त की थी। उक्त कंटेनर फरवरी में दुबई से कोलकाता पहुंचा था। इस हीरोइन की अनुमानित कीमत 200 करोड़ रुपये आंकी गई। इस बीच कोलकाता से 200 करोड़ के मादक प्रदार्थ की बरामदगी को लेकर बंगाल भाजपा ने गुरुवार को दक्षिण 24 परगना जिले के तृणमूल कांग्रेस के नेता के खिलाफ विस्फोटक आरोप लगाया। भाजपा का दावा है कि जब्त हेरोइन का तृणमूल नेता और मंत्री से सीधा संबंध है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और पार्टी महासचिव जगन्नाथ चटर्जी ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि शरीफुल इंटरप्राइजेज के नाम से कोलकाता बंदरगाह पर 40 किलो हेरोइन आई थी। उस कंपनी के मालिक शरीफुल संदेशखली ब्लाक एक और दो के तृणमूल अध्यक्ष शिबू हाजरा और शेख शाहजहां के करीबी हैं। भाजपा ने यह भी दावा किया कि राज्य के दो मंत्री भी इस मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हैं।
Edit By : M T RAHMAN











Total Users : 72572
Total views : 74480