West Bengal, Kolkata, राज्य ब्यूरो। बंगाल में भाजपा के नवान्न अभियान (राज्य सचिवालय मार्च) के दौरान पुलिस पर हमले, वाहन में आगजनी व तोडफ़ोड़ के आरोप में कोलकाता पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ इस मामले में अब तक गिरफ्तार लोगों की संख्या 22 हो चुकी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात जिन दो लोगों को पकड़ा गया है उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने बाल और मूंछ को मूंडवा लिया था, ताकि वह पहचान में नहीं आए। हालांकि पुलिस उन्हें पकड़ने में कामयाब रही। बता दें कि इससे पहले मंगलवार रात से गुरुवार सुबह तक कोलकाता के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए छापेमारी के दौरान 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। दूसरी ओर नवान्न मार्च के दौरान गिरफ्तार किए गए बड़ी संख्या भाजपा कार्यकर्ताओं में से कुछ को पुलिस ने अभी भी रिहा नहीं किया है। जबकि कलकत्ता हाई कोर्ट ने उसी दिन रिहा करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद अब तक रिहाई नहीं होने से भाजपा ने अब इसको लेकर हाई कोर्ट का ध्यान आकृष्ट कराया है। भाजपा की ओर से अदालत में आवेदन दाखिल कर कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए पुलिस व राज्य सरकार को निर्देश देने की मांग की गई है। बता दें कि बीते 13 सितंबर को नवान्न मार्च के दौरान कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं। इस दौरान कोलकाता के बऊबाजार इलाके में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) देबजीत चट्टोपाध्याय को कुछ लोगों ने खदेड़ दिया था और उनपर डंडों से हमला किया था, जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गए। वहीं, बड़ाबाजार इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की एक गाड़ी फूंक दी थी। इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की थी। इसी मामले में अब तक 22 गिरफ्तारियां हुई है। बता दें कि इससे पहले हावड़ा सिटी पुलिस ने नवान्न अभियान के दौरान पुलिस पर हमले, पत्थरबाजी व सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने को लेकर उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए गुरुवार को कुछ तस्वीरें जारी की थीं। इसमें लोगों से इनके बारे में पुलिस को सूचना देने की अपील की गई थी। पुलिस इनको पकडऩे के लिए तलाशी अभियान चला रही है। उल्लेखनीय है कि नवान्न अभियान के दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के चलते कोलकाता व हावड़ा चार घंटे तक रणक्षेत्र बन गया था।
Edit By : M T RAHMAN











Total Users : 72572
Total views : 74480