बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने केंद्रीय फंड पाने के लिए आखिरकार बांग्ला मातृ योजना के नाम में बदलाव करने निर्णय लिया है।
West Bengal,क्राइम इंडिया संवाददाता। बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने केंद्रीय फंड पाने के लिए आखिरकार बांग्ला मातृ योजना के नाम में बदलाव करने का निर्णय लिया है। राज्य सचिवालय नवान्न सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार ने बांग्ला मातृ प्रकल्प का नाम बदलकर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना करने का केंद्र को भरोसा दिया है। इसके बाद राज्य सरकार को इसके एवज में मिलने वाली केंद्रीय राशि भी मिल गई है। जानकारी के अनुसार, केंद्र ने राज्य सरकार को इस योजना के तहत 160 करोड़ रुपये जारी किया है। गौरतलब है कि गर्भवती महिलाओं को वित्तीय मदद प्रदान करने के लिए केंद्र की योजना प्रधानमंत्री मातृ वंदना का नाम ममता सरकार ने बदल कर बांग्ला मातृ प्रकल्प कर दिया था। इसके चलते केंद्र सरकार ने इस योजना की फंडिंग रोक दी थी। इसके बाद राज्य की गर्भवती महिलाओं को केंद्र की ओर से मिलने वाली वित्तीय मदद मिलनी बंद हो गई थी। गौरतलब है कि यही नहीं केंद्र की ग्रामीण सड़क योजना से लेकर पीएम आवास योजना, राशन योजना समेत कई और केंद्रीय योजनाओं का नाम भी ममता सरकार ने बदल दिया था, जिससे नाराज होकर केंद्र सरकार ने पिछले दिनों विभिन्न योजनाओं की फंडिंग रोक दी थी। इस बीच राज्य की महिला और शिशु कल्याण विभाग की ओर से केंद्र को पत्र लिखकर बताया गया है कि बंगाल में यह योजना अब प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नाम से ही चलाई जाएगी। राज्य सरकार की ओर से हर दस्तावेज में इस योजना का नाम बदलने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद केंद्र ने फिर से इस योजना के लिए वित्तीय आवंटन शुरू कर दिया है। बीते शुक्रवार को 160 करोड़ रुपये की किस्त राज्य को मिली है। इधर, बांग्ला मातृ प्रकल्प का नाम बदलने पर राज्य में मुख्य विपक्षी भाजपा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जैसे ही केंद्र ने इसके लिए वित्तीय फंडिंग रोकी, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का स्टिकर वाला बैलून फट गया और अब वह भूल सुधार कर रही हैं। बता दें कि इससे पहले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार पर विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के नाम बदलने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर कई बार शिकायत कर चुके हैं।
Edited By : Rahman











Total Users : 72587
Total views : 74496