उत्तराखंड में यूपी पुलिस पर हमला :उत्तराखंड में यूपी के बिकरू कांड जैसी कुंडा में हुई मुठभेड़ को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई है।
क्राइम इंडिया संवाददाता,ओम शुक्ला मुरादाबाद। उत्तराखंड में यूपी के बिकरू कांड जैसी कुंडा में हुई मुठभेड़ को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई है। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं। ठाकुरद्वारा थाने में मुरादाबाद पुलिस टीम पर हमला करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। रिपोर्ट में 50 हजार के इनामी खनन माफिया जफर को नामजद किया गया है, जबकि 35 अज्ञात लोग हैं। उघर, उत्तराखंड पुलिस ने काॅॅसमाॅॅस अस्पताल आकर यहां भर्ती पुलिसकर्मियों से घटना के बारे में जानकारी ली। उत्तराखंड पुलिस ने यूपी पुलिस पर मुकदमा दर्ज कर रखा है। ठाकुरद्वारा थाना प्रभारी योगेन्द्र कुमार सिंह ने प्राथमिकी में लिखवाया है कि 12 अक्टूबर की शाम जफर के ठाकुरद्वारा में आने पर पुलिस व एसओजी ने कमालपुरी तिराहे के पास घेराबंदी की। सफेद रंग की क्रेटा कार को रोकने पर जफर ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली कांस्टेबल दीपक के हाथ में लगी। आरोपित फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस भी पीछा करते हुए उत्तराखंड के कुंडा क्षेत्र के भरतपुर गांव में पहुंच गई। वहां एक घर के अंदर पहुंचने पर 30 से 35 लोगों ने दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों की लाठी-डंडों से पिटाई की। फायरिंग के दौरान दो पुलिसकर्मियों के गोली लगी। एसओजी की गाड़ी में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। डीआइजी नैनीताल नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि उप्र पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। जिस प्रकार से बिना वर्दी घर में देर रात प्रवेश किया गया और फायरिंग की गई, वह क्षम्य नहीं है। इस मामले में मुरादाबाद के डीआइजी को कड़ा पत्र भेज रहा हूं। पत्र में इस घटना को लेकर उनके पुलिसकर्मियों की तरफ से नियमों को ताक पर रखकर की गई कार्रवाई पर आपत्ति जताई जाएगी। इस मामले में हमारी वैधानिक कार्रवाई में उनकी तरफ से सहयोग की अपेक्षा रहेगी। मुरादाबाद के एसएसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि दबिश से पहले उत्तराखंड की एसओजी के साथ ही कुंडा थाना पुलिस को सूचना दी गई थी। इसके साक्ष्य भी हमारे पास मौजूद हैं। घायल साथियों का इलाज कराना हमारी पहली प्राथमिकता थी,इसकी भी जानकारी दी गई।हमारी टीम को घेरकर हत्या का प्रयास किया गया है। उनके सरकारी असलहों को छीना गया है।उत्तराखंड पुलिस ने तीन पिस्टल बरामद की है। हमारे पास पूरे साक्ष्य हैं।
Edited By : Rahman











Total Users : 72571
Total views : 74479