पश्चिम बंगाल एसएससी घोटाला: घोटालों की जांच के घेरे में बंगाल पुलिस के अधिकारी

पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता। बंगाल संभवत: पहला ऐसा राज्य होगा जहां जब भी कोई घोटाला सामने आता है तो उसमें नेता, मंत्री, सांसद और विधायकों के साथ पुलिस अधिकारियों के भी नाम शामिल हो जाते हैं। नारद स्टिंग आपरेशन कांड में तो वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी एसएमएच मिर्जा की गिरफ्तारी भी हुई थी। इस कांड में नोटों का बंडल लेते हुए तृणमूल के एक दर्जन से अधिक नेता, मंत्री, सांसद, विधायकों के साथ एआइपीएस मिर्जा का भी वीडियो सामने आया था। इससे पहले सारधा-रोजवैली चिटफंड घोटाले की जांच में सबूतों से छेड़छाड़ करने के मामले में कोलकाता पुलिस के पूर्व आयुक्त राजीव कुमार से जब सीबीआइ पूछताछ के लिए पहुंची थी तो किस तरह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विरोध में धरना दिया था, यह भी सर्वविदित है। कई और पुलिस अधिकारियों को लेकर भी सवाल उठे थे। कोयला और गाय तस्करी कांड में भी राज्य पुलिस के कई शीर्ष और निचले स्तर के अधिकारियों की कथित मिलीभगत की जांच इस समय ईडी और सीबीआइ कर रही है। कोयला तस्करी में केंद्रीय एजेंसियों ने आठ शीर्ष पुलिस अधिकारियों को दिल्ली बुलाकर पूछताछ भी की है। कोयला व गाय तस्करी में एक पूर्व थानेदार और एक सिपाही की गिरफ्तारी भी हुई थी। इन सबके बाद अब स्कूलों में प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षक भर्ती घोटाले में भी राज्य पुलिस के एक प्रभावशाली अधिकारी का नाम नियंत्रक के रूप में सामने आ रहा है। इन तमाम घोटालों में जिस तरह से पुलिस अधिकारियों के नाम सामने आए हैं, वह यह बताने को काफी है कि राज्य में सत्तारूढ़ दल और पुलिस का गठजोड़ किस स्तर का है। तृणमूल विधायक मानिक भट्टाचार्य को हाल ही में शिक्षक भर्ती घोटाले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद उक्त प्रभावशाली पुलिस अधिकारी का नाम सामने आया है। जांचकर्ताओं के मुताबिक एसएससी घोटाले में पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी की गिरफ्तारी के दौरान उसके फ्लैट से 20 मोबाइल फोन बरामद हुए थे। पार्थ का मोबाइल भी जब्त किया गया था। इसके बाद जादवपुर में मानिक के दो घरों की तलाशी ली गई और उनके पास एक मोबाइल फोन मिला था। केंद्रीय जांच एजेंसी के मुताबिक इन सभी मोबाइल फोन की जांच करने पर पता चला है कि इन तीनों लोगों के मोबाइल फोन में एक ही सांकेतिक कोड नाम से उक्त पुलिस अधिकारी का मोबाइल नंबर ‘सेव’ है। जांच अधिकारियों को मानिक का पुलिस अधिकारी के साथ कई वाट्सएप चैट भी मिले हैं। इससे पता चलता है कि प्रशासन के उच्च स्तर से उक्त पुलिस अधिकारी के माध्यम से पार्थ-मानिक समेत इस घोटाले से जुड़े तत्कालीन अधिकारियों के पास भर्ती के संबंध में विभिन्न निर्देश और आदेश पहुंचते थे। उक्त पुलिस अफसर यह भी चेक करते थे कि उन सभी निर्देशों और आदेशों का ठीक से पालन हो रहा है या नहीं। मोबाइल फोन में ‘डीडी’ और ‘आरके’ नाम से नंबर सेव हैं। इस राजफाश के बाद विपक्षी दल के नेता ममता सरकार और तृणमूल के शीर्ष स्तर पर उंगली उठा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुवेंदु अधिकारी ने इसे लेकर इंटरनेट मीडिया पर एक कामिक स्ट्रिप पोस्ट कर निशाना साधा। फिलहाल इस बारे में राजफाश नहीं हो सका है, लेकिन यह रहस्य अधिक दिनों तक रहेगा नहीं और सच जल्द सामने आ जाएगा। इसे लेकर तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष का कहना है कि सच्चाई जानने के लिए मानिक भट्टाचार्य से पूछताछ की जानी चाहिए। जांच हो, दोषियों को सजा मिले। माकपा केंद्रीय समिति के सदस्य सुजन चक्रवर्ती का आरोप है, ‘कुल 58,000 नियुक्तियों में से 20 प्रतिशत ही उपयुक्त नियुक्ति हुई है, 80 प्रतिशत में भ्रष्टाचार हुआ है… ‘डीडी’ का मतलब ‘दीदी’ यह सब समझ जाएंगे। आरके कौन है, यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए। तृणमूल नेताओं ने बंगाल की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।’ राज्य की राजनीति तृणमूल विधायक व माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मानिक भट्टाचार्य के मोबाइल फोन में सांकेतिक भाषा में लिखे नामों को लेकर आजकल राज्य का राजनीितक परिवेश गर्म है। वहीं ईडी को पता चला है कि कई मामलों में अयोग्य उम्मीदवारों के फर्जी दस्तावेज बनाकर उनकी अवैध रूप से भर्ती की गई। सरकारी नौकरियों के अभ्यर्थियों के लिए पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र की भी आवश्यकता होती है। दावा है कि इस प्रमाणपत्र मामले में भी उक्त पुलिस अधिकारी का हाथ है। ईडी के एक अधिकारी का दावा है कि उक्त पुलिस अधिकारी ने शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रशासन के उच्च स्तर और नियुक्ति करने वालों के बीच की कड़ी के रूप में काम किया है, जिसका मानिक के साथ हुए कई वाट्सएप चैट प्रमाण हैं। इतना ही नहीं, इस भर्ती घोटाले में एक सांसद के निजी सहायक का भी नाम सामने आ रहा है जिसके साथ मानिक बैठक किया करते थे।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This