पश्चिम बंगाल : सीबीआइ ने चिटफंड घोटाले में हालीशहर पालिका अध्यक्ष के करीबी संजय सिंह को किया गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता। सीबीआइ ने कथित चिटफंड घोटाले के सिलसिले में बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की हालीशहर नगरपालिका के अध्यक्ष एवं तृणमूल कांग्रेस नेता राजू साहनी के करीबी व्यवसायी संजय सिंह को गिरफ्तार किया है। बंगाल में विभिन्न पोंजी घोटालों की जांच कर रही सीबीआइ की भ्रष्टाचार निरोधी शाखा के जांच अधिकारियों ने संजय को मंगलवार को तलब किए जाने के बाद असहयोग और उनके बयानों में विसंगति पाए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि दुर्गापुर निवासी संजय को सीबीआइ के अधिकारियों ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि दो सितंबर को सीबीआइ ने कथित चिटफंड घोटाले के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस नेता और हालीशहर नगरपालिका के अध्यक्ष राजू साहनी को गिरफ्तार किया था। साहनी के घर पर छापों के दौरान सीबीआइ को 80 लाख रुपये नकद और अंतरराष्ट्रीय बैंकों में खातों की जानकारी और 2.75 करोड़ रुपये की संपत्ति के दस्तावेज मिले थे। संजय की गिरफ्तारी के साथ अब तक बर्धमान नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस नेता प्रणब चटर्जी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत के आदेश के बाद चटर्जी अब जमानत पर है। बताते चलें कि सीबीआइ ने सहायक शिक्षकों की कथित अवैध नियुक्ति की अपनी जांच के सिलसिले में मंगलवार को यहां एक अदालत में दाखिल आरोपपत्र में पश्चिम बंगाल केंद्रीय स्कूल सेवा आयोग (डब्ल्यूबीसीएसएससी) के पूर्व अध्यक्ष सुबीरेश भट्टाचार्य सहित 12 लोगों को नामजद किया है। सीबीआइ के एक अधिकारी ने बताया कि इस आरोपपत्र में जांच एजेंसी ने पूर्व सलाहकार, आयोग के पूर्व सहायक सचिव, दो कार्यक्रम पदाधिकारी और छह अन्य को आरोप पत्र में नामजद किया है। अधिकारी ने बताया कि यह आरोपपत्र अलीपुर के विशेष न्यायाधीश की अदालत में दाखिल किया गया है। उन्होंने बताया कि यह पाया गया कि 2016 में बंगाल में माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए सहायक शिक्षकों के पद पर अयोग्य उम्मीदवारों की अनुचित नियुक्ति के लिए आरोपितों ने एक दूसरे के साथ साजिश रची। उन्होंने कहा कि इन आरोपितों में लोक सेवक और निजी व्यक्ति भी शामिल हैं।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This