पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता, सईद अनवर। पश्चिम बंगाल में आगामी पंचायत चुनाव से पहले लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही है। इसी क्रम में कोलकाता से सटे दक्षिण 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर इलाके में एक बार फिर बमबाजी की घटना सामने आई है। स्थानीय लोगों ने सोमवार देर रात बम विस्फोट की आवाज सुनने का दावा किया है, जिसको लेकर इलाके में दहशत का माहौल है। इधर, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मंगलवार सुबह तलाशी अभियान में इलाके की सड़क से तीन ताजा बम बरामद किए। यह बम क्यों और किस उद्देश्य से रखा गया था पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के गरिया नवापल्ली में सोमवार देर रात बम विस्फोट हुआ। स्थानीय लोगों का दावा है कि धमाका रात के 2:30 से 2:40 के बीच हुआ। पहले तो लोगों को लगा कि फुटबाल विश्व कप में ब्राजील और पुर्तगाल के बीच चल रहे मैच में हार-जीत की खुशी में किसी समर्थक ने बम फोड़ा है। लेकिन विस्फोट की तीव्रता काफी अधिक होने के कारण माना जा रहा है कि इसके पीछे किसी असामाजिक तत्वों का हाथ है। पुलिस पूरी घटना की जांच में जुटी है। बता दें कि हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों से बम विस्फोट की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। इसको लेकर विपक्षी दल ममता बनर्जी सरकार और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ लगातार हमलावर है। बता दें कि इससे पहले हाल में उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा इलाके में स्पीकर बजाने को लेकर विवाद में एक शादी समारोह स्थल के पास देर रात के समय बमबारी की घटना सामने आई थी। इस बमबारी में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
Edited by : Rahman











Total Users : 72477
Total views : 74372