रुद्रपुर, क्राइम इंडिया संवाददाता : उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर जिले के रम्पुरा में मोटर मैकेनिक की हत्या नशे में संबंध बनाने के प्रयास के विरोध में पत्नी ने हाथों से गला दबाकर की। अत्याधिक नशे में होने के कारण वह विरोध नहीं कर पाया। इस दौरान हुए संघर्ष के दौरान हत्यारोपित पत्नी के हाथ में पहनी चूड़ियां भी टूट गई। जांच के दौरान पुलिस को मौके से बरामद टूटी चूड़ियां और हाथ में पहनी चूड़ियां एक ही निकली। बाद में पुलिस ने आरोपिता को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। एसएसआइ केसी आर्या ने बताया कि रम्पुरा निवासी किशन कोली पुत्र चिमन लाल शुक्रवार सुबह बिस्तर में मृत मिला था। इस पर मृतक किशन के छोटे भाई भजन लाल ने अपनी भाभी कमलेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी थी। आरोप था कि 15 दिसंबर की रात दोनों ही अपने कमरे में सो रहे थे। 16 सितंबर की सुबह उसकी मां उसे उठाने गई तो वह मृत पड़ा हुआ मिला था। उसके भाई किशन के गले में चोट के निशान थे और बैड तथा फर्श में चूड़ियां टूटी हुई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी कमलेश पर हत्या का केस दर्ज कर लिया था। साथ ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। एसएसआइ केसी आर्या ने बताया कि पूछताछ के दौरान कमलेश ने बताया कि 17 फरवरी 2018 को उसका विवाह किशन के साथ हुआ था। अत्याधिक शराब पीने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव हो गया। इस पर वह जनवरी 2019 में मायके चली गई। इस बीच उसने तलाक का आवेदन किया तो 24 फरवरी 2020 को तलाक हो गया। इसके बाद पति किशन पक्ष के साथ 25 नवंबर 2022 को समझौता हो गया। जिसके बाद आठ दिसंबर पति उसे अपने घर ले आया। शुक्रवार रात पड़ोस में पार्टी थी, जहां से किशन शराब में धुत होकर घर आया। इस दौरान उससे नशे में संबंध बनाने का प्रयास करने लगा। उसने विरोध किया तो किशन ने उसका गला दबा दिया। यह देख उसे गुस्सा आया और उसने भी उसका गला दबाना शुरू कर दिया। नशे में होने के कारण किशन विरोध नहीं कर पाया और उसकी मौत हो गई। एसएसआइ केसी आर्या ने बताया कि घटना के दौरान कमलेश के हाथ की चूड़ियां टूट गई थी। जो घटनास्थल से पुलिस ने बरामद कर ली है। बताया कि कमलेश को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसएसआइ केसी आर्या ने बताया कि पूछताछ में कमलेश ने बताया कि उसे शराब से नफरत थी। जिसके कारण उसने अपना पति किशन को छोड़कर तलाक ले लिया था। इस बीच उसकी बड़ी बहन कौशल्या की मौत हो गई थी। जिसके बाद स्वनजों ने जीजा से शादी करने के लिए कहा, लेकिन वह भी नशे का आदी था, इसलिए उसने शादी करने से इन्कार कर दिया था। समझौते के बाद जब वह वापस आई तो किशन शराब पीकर आने लगा। घटना वाले दिन भी वह नशे में धुत होकर घर आया था।
Edited By : Rahman











Total Users : 72116
Total views : 73842