लखीमपुर, क्राइम इंडिया संवाददाता : यूपी के लखीमपुर जिले में एक पति की हैवानियत ने सबको हैरान कर दिया है। यहां तक कि उसके घर वालों को भी इसकी खबर नहीं हुई कि आखिर उनके बेटे ने अपनी पत्नी को कहां गायब कर दिया? मामला तब सामने आया जब एक महिला ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई की उसकी बहू गायब हो गई है और बेटा उसके बारे में कुछ बता नहीं रहा है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच शुरू की तो सनसनीखेज वारदात सामने आई। दरअसल, लखीमपुर खीरी के गोला कस्बे के हाफिजपुर में एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके शव को कमरे में दफना दिया। हत्या के पीछे की वजह घरेलू कलह थी, वारदात वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी पति ने पत्नी को पहले पीटा और फिर करंट लगाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद उसे अपने कमरे में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया। इतना सब कुछ हो जाने के बाद भी आरोपी पति ने अपने घरवालों को कुछ भी नहीं बताया। उसकी मां घटना वाले दिन कानपुर में थी। वहां से लौटने पर मृतका की सास को जब बहू नहीं दिखी तो उसने तलाशना शुरू किया। अपने बेटे से भी बहू के बारे में पूछा, लेकिन बेटे ने कुछ भी नहीं बताया। मां को जब बेटे की हरकतों पर शक हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। बुजुर्ग महिला आशिया बेगम ने पुलिस को बताया कि उसकी बहू अफ्शा तीन दिनों से गायब है और बेटा वशी भी कुछ जानकारी नहीं दे रहा है। इधर, पुलिस ने जांच शुरू करते हुए शुक्रवार की रात को आरोपी के घर पहुंच कर उसे हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पूरा सच उगल दिया। आरोपी वशी की निशानदेही पर मृतका अफ्शा का शव बरामद कर लिया गया है। गोला के इंस्पेक्टर डीपी मिश्रा ने बताया कि आरोपी वशी ने पत्नी से झगड़ा करने के बाद उसकी पिटाई की थी। पिटाई से मन न भरने पर उसने करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी और शव को अपने कमरे में ही दफना दिया था। सीओ राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी वशी ने वारदात को कबूल किया और उससे पूछताछ की जा रही है।
Edited By : Rahman











Total Users : 72560
Total views : 74466