क्राइम इंडिया गुरुग्राम। स्पा सेंटरों की हरकतों से साइबर सिटी शर्मसार हाे रही है। कई स्पा सेंटरों के ऊपर देह व्यापार चलाए जाने के आरोप लग चुके हैं। अब जो मामला सामने आया है उसने शहर के लोगों को हिलाकर रख दिया है। एक स्पा सेंटर के संचालकों ने नौकरी की तलाश में पहुंची 14 साल की नाबालिग को देह व्यापार में झोंक दिया। पीड़िता ने बताया कि पहले स्पा सेंटर में काम करने वाले दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट करते हुए अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वायरल करने की धमकी देते हुए हर रोज 10 से 15 लाेगों की सेवा करने के लिए मजबूर कर दिया गया। शक होने पर जब घरवालों ने काम पर जाने से मना किया तो स्पा के तीन संचालक बहाने से बुलाकर उसे एक होटल में ले गए और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर फिर से मारपीट की गई। जानकारी के मुताबिक, एक महीने पहले दिल्ली की रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग काम की तलाश में गुरुग्राम पहुंची थी। उसी दौरान उसे एक महिला मिली। उसने कहा कि वह एक डाक्टर की क्लिनिक में काम दिला देगी। वहां पर नाबालिग ने दो दिन काम किया। इसके बाद उसे हटवा दिया। फिर महिला उसे सोहना रोड स्थित एक माल में संचालित स्पा सेंटर लेकर गई। उसे रिसेप्शनिस्ट की नौकरी देने का आश्वासन दिया गया। तीन युवक मिलकर सेंटर का संचालन करते हैं। उसी दिन स्पा सेंटर में काम करने वाले दो युवकों ने नाबालिग को अपने हवस का शिकार बनाया और अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने लगे। वीडियो की आड़ में ब्लैकमेल करते हुए आरोपितों ने लगभग एक महीने तक उससे स्पा सेंटर में देह व्यापार कराया। स्वजन जब पूछते थे तो बताती थी कि वह एक क्लिनिक में काम करती है। इधर घरवाले क्लिनिक में पहुंचे तो पता चला कि बेटी वहां काम ही नहीं करती है। फिर स्पा सेंटर में काम करने का पता चला। धीरे-धीरे पूरी सच्चाई सामने आ गई। महिला थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। नाबालिग पीड़िता की काउंसिलिंग बाल कल्याण समिति की सदस्य सोनिया यादव ने की। काउंसिलिंग के दाैरान यह जानकारी सामने आई कि हो सकता है कि इस तरह की हरकत कई स्पा सेंटरों में की जा रही होगी। नौकरी की तलाश में जो भी युवती या महिला पहुंचती है उनके साथ जबरन दुष्कर्म कर वीडियो बनाया जाता है। फिर उन्हें देह व्यापार में झोंक दिया जाता है। सोनिया यादव कहती हैं कि सभी थाना पुलिस को अपने स्तर पर छानबीन करनी चाहिए। नाबालिग को देह व्यापार में झोंकने का मामला काफी गंभीर है। आखिर इस तरह की हरकत सामने आने पर कौन किसके ऊपर विश्वास करेगा। बता दें कि पिछले कुछ सालों के दौरान शहर में संचालित 20 से अधिक स्पा सेंटरों के ऊपर देह व्यापार चलाए जाने के आरोप लग चुके हैं। कई संचालक गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसके बाद भी शिकायत कम होने का नाम नहीं।
Edit By : M T RAHMAN











Total Users : 72571
Total views : 74479