Delhi Crime : दिल्ली एयरपोर्ट से कस्टम ने जब्त की सात घड़ियां, एक की कीमत 27 करोड़

Delhi Airport दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को कस्टम विभाग ने एक यात्री को गिरफ्तार किया है।

नई दिल्ली, क्राइम इंडिया संवाददाता,ओम शुक्ला। आइजीआइ एयरपोर्ट पर दुबई से लौटे गुजरात के एक आभूषण कारोबारी के पास से 28.17 करोड़ का सामान बरामद हुआ है। बरामद सामान में सबसे कीमती एक हीरे से जड़ी घड़ी है। जैकब एंड कंपनी की हीरे से जड़ी इस घड़ी की कीमत 27.09 करोड़ है। आरोपित के पास से कुल सात घड़ियां, एक ब्रेसलेट व एक आइफोन बरामद हुआ है। बरामद घड़ियों में से किसी की कीमत 14 लाख से कम नहीं है। आरोपित से पूछताछ कर कस्टम विभाग के अधिकारी मामले की तह तक पहुंचने में जुटे हैं। यह पता किया जा रहा है कि आरोपित यह घड़ियां किसके कहने पर किसके लिए लेकर आया था। कस्टम अधिकारी ने इस बरामदगी को बड़ी बरामदगी करार देते हुए कहा कि इस उपलब्धि को इस तथ्य के साथ समझा जाना चाहिए कि जितने मूल्य का सामान बरामद हुआ है वह 60 किलो सोने की कीमत के बराबर है। कस्टम विभाग की संयुक्त आयुक्त निशा गुप्ता ने बताया कि आरोपित यात्री 4 अक्तूबर को एमिरेट्स एयरलाइंस के विमान संख्या ईके 516 से दुबई से दिल्ली पहुंचा था। इमिग्रेशन क्लियरेंस के बाद वह ग्रीन चैनल पार कर टर्मिनल से निकलने की जुगत में था। इसी दौरान कस्टम की ओर से चलाए जाने वाले नियमित रैंडम चेकिंग के दौरान आरोपित को रोका गया। जब तलाशी हुई तो आरोपित के अलग अलग बैग से सात घड़ियां बरामद हुई। ये घड़ियां रोलेक्स, जेकब एंड कंपनी और पिएगेट ब्रांड की हैं। कस्टम अधिकारियों ने बताया कि जैकब एंड कंपनी महंगी घड़ियां निर्माण के लिए पूरी दुनिया में जानी जाती हैं। इस ब्रांड की एक घड़ी की कीमत करीब 85 करोड़ है। दुनिया के अरबपतियों के बीच यह एक जाना पहचाना ब्रांड है। कस्टम अधिकारी का कहना है कि जिस शख्स को पकड़ा गया है, वह गुजरात के जूनागढ़ का रहने वाला है। छानबीन में पता चला है कि दिल्ली में इसने ठहरने के लिए एक पंच सितारा होटल में कमरा बुक कराया था। कस्टम अधिकारी पूछताछ कर यह पता करने में जुटे हैं कि घड़ी की यह खेप इसने अपने या अपने जानने वालों के लिए खरीदी थी, या फिर इसका इरादा घड़ियों को ऊंची कीमत पर बेचने का था। इस मामले को कस्टम विभाग आइजीआइ एयरपोर्ट पर महंगी घड़ियों की बरामदगी से जुड़े पिछले मामलों से भी जोड़कर देख रहा है। करीब दो वर्ष पूर्व एयरपोर्ट पर महंगी घड़ियों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। तब पता चला था कि वह पूर्व में भी ऐसा कर चुका है। बाद में पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर कस्टम विभाग ने दिल्ली में घड़ी की उन दुकानों पर छापेमारी की थी, जिनके बारे में तस्करों ने कहा था कि वे घड़ियां यहां बेचते थे। कस्टम सूत्रों का कहना है कि तब छापेमारी के दौरान 29 घड़ियां बरामद की गई थी।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This