35 पन्नों की चार्जशीट में मंडल की 53 संपत्तियों तथा 18 करोड़ रुपये के फिक्स्ड डिपाजिट का उल्लेख मंडल के बाडीगार्ड सहगल हुसैन से आज ईडी के अधिकारी करेंगे पूछताछ
क्राइम इंडिया संवाददाता, राज्य ब्यूरो, कोलकाता । मवेशी तस्करी मामले में सीबीआइ ने गिरफ्तारी के 57 दिन बाद टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल के खिलाफ आसनसोल अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। 35 पन्नों की चार्जशीट में मंडल की 53 संपत्तियों की दलील तथा 18 करोड़ रुपये के फिक्स्ड डिपाजिट का उल्लेख किया गया है। चार्जशीट में सीबीआइ ने अनुब्रत मंडल के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी अनेक धाराओं का उल्लेख किया है। वहीं दूसरी ओर मंडल के बाडीगार्ड सहगल हुसैन से पूछताछ के लिए ईडी के अधिकारी आज दिल्ली से कोलकाता पहुंचे हैं। सीबीआइ ने मवेशी तस्करी मामले में टीएमसी के बाहुबली नेता अनुब्रत मंडल पर शिकंजा कस दिया है। अनुब्रत मंडल वर्तमान में बंगाल के पश्चिम बर्द्धमान जिले के आसनसोल विशेष सुधार गृह में न्यायिक हिरासत में हैं। बताते चलें कि पिछले दिनों मंडल की बेटी सुकन्या मंडल ने अब अपने आय-व्यय का विवरण सीबीआइ को सौंप दिया है। सुकन्या मंडल ने पिछले पांच साल के अपने आयकर रिटर्न के ब्योरे की प्रतियां जमा की हैं। हालांकि सीबीआइ कार्यालय में शारीरिक रूप से उपस्थित होने के बजाय सुकन्या मंडल ने अपने वकील के माध्यम से एक सीलबंद लिफाफे में विवरण भेजा, जिन्होंने इसे केंद्रीय एजेंसी के मध्य कोलकाता में निज़ाम पैलेस कार्यालय में जमा किया। सुकन्या मंडल, जो बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर में एक सरकारी स्कूल में प्राथमिक शिक्षिका हैं, दो कंपनियों के निदेशक के साथ-साथ बोलपुर में कुछ चावल मिलों के सह-मालिक भी हैं। सीबीआइ अधिकारी इस बात को लेकर उलझे हुए थे कि किस आधार पर सरकारी स्कूल की एक प्राथमिक शिक्षिका जो कुछ हज़ार रुपये में वेतन पा रही थीं, इन संस्थाओं के निदेशक और मालिक बन गईं और यही वजह है कि जांच अधिकारियों ने पिछले कुछ दिनों से उनकी आय और व्यय का विवरण मांगा था। पहले भी सीबीआइ के अधिकारियों ने सुकन्या मंडल से ये विवरण मांगे थे, जो अनसुना हो गया। सूत्रों के मुताबिक सीबीआइ के अधिकारी चाहते हैं कि उनके नाम पर कारोबार के लिए धन के स्रोतों के बारे में स्पष्ट जानकारी हो। यह भी पता चला है कि सीबीआइ ने दो बैंकों को नोटिस भेजा था जहां सुकन्या मंडल के खाते हैं और इन खातों से विदेशी मुद्राओं में कोई लेनदेन किया गया है या नहीं, इसकी जानकारी मांगी गई है। सीबीआइ द्वारा हाल ही में पूछताछ के दौरान सुकन्या ने अपनी संपत्ति के विवरण के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की और दावा किया कि उनके पिता के चार्टर्ड एकाउंटेंट मनीष कोठारी को इसके बारे में पता था। इस मामले में केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने कोठारी से भी पूछताछ की है।
Edited By : Rahman











Total Users : 72357
Total views : 74198