बेगूसराय में संदेहास्पद हालत में मिला ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव, बच्चों ने बताई रात की पूरी कहानी

Bihar Crime बिहार के बेगूसराय में घर के अंदर संदेहास्पद हालत में ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।

क्राइम इंडिया संवाददाता नज़ीम अशरफ़, (बेगूसराय)। बिहार के बेगूसराय में एक महिला का घर के अंदर शव मिलने से सनसनी फैल गई। जिले के छौड़ाही ओपी क्षेत्र के सिहमा गांव में गुरुवार की सुबह एक घर के अंदर महिला का शव फंदे से लटका मिला। शव की हालत देख कुछ लोग इसे खुदकुशी तो कई लोग हत्या कर शव को फंदे से लटका देने की चर्चा कर रहे हैं। छौड़ाही ओपी क्षेत्र के सिहमा पंचायत के वार्ड नंबर छह निवासी मृतका 35 वर्षीय मनीषा पति संजीत रजक ब्यूटी पार्लर संचालिका भी थी। पति संजीत रजक मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद संजीत मुंबई से बेगूसराय के लिए निकल गए हैं। घटना के संदर्भ में सिहमा पंचायत के उप मुखिया एवं वार्ड छह के वार्ड सदस्य उमेश राय उर्फ बूटन सरदार ने बताया कि गुरुवार सुबह दुर्गा माता के मंदिर में माता की पूजा अर्चना हो रही थी। मंदिर से 10 कदम आगे मृतका का घर है। घर के बाहर बच्चे रो रहे थे। ग्रामीणों के साथ वहां पहुंचे तो बच्चों ने बताया कि उसकी मां घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। तुरंत छौड़ाही पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब घर के अंदर गई तो देखा कि शव पंखा में बंधा है। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया फंदे पर वजन के कारण शव जमीन पर आ गया। दूसरी तरफ, मृतका मनीषा देवी के मायके वालों भी घटना की सूचना पर पहुंचे। मृतका के घर वालों का कहना था कि घर के अंदर बचाव के बहुत साधन थे। जिन अवस्था में शव पाया गया है उससे साफ लगता है कि यह खुदकुशी का मामला नहीं है। कई लोगों का कहना था कि कुछ दिनों पहले पति पत्नी में आपसी विवाद के कारण पति ने ब्यूटी पार्लर बंद करवा दिया था ।उसके बाद पति बाहर चले गए और इसी बीच या घटना हो गई। मामला संदेहास्पद है। मृतका मनीषा देवी के तीन बच्चे चार वर्षीय आदित्य, आठ वर्षीय सुप्रीया भारती और 12 वर्षीय जानकी हैं जो, घटना के वक्त मां के साथ घर के अंदर ही थे। इन बच्चों का कहना था कि रात में मेला देख कर आए थे। मां ने कहा कपड़ा बदल लो और सो जाओ। हम तीनो भाई बहन घर में सो गए। मां उस वक्त जगी हुई थी। मृतका की बड़ी बेटी जानकी का कहना था कि सुबह नींद खुली तो देखा मां चौकी के नीचे घुटने के बल बैठी हुई है । ऊपर नजर गई तो देखा कि गर्दन पर रस्सी का मजबूत फंदा पड़ा था जो छत के पंखे से लटक रहा था। हम लोग डर गए और घर के बाहर आकर रोने लगे तब, सभी ग्रामीण आए। रात से सुबह के बीच में क्या हुआ उन्हें कुछ पता नहीं है। घटना के संदर्भ में छौड़ाही ओपी अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार का कहना है कि महिला का शव उसके घर के अंदर ही संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This