पश्चिम बंगाल हावड़ा समाचार हावड़ा जिले के उलबेड़िया इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 16 पर भीषण सड़क हादसा हो गया।
पश्चिम बंगाल हावड़ा, क्राइम इंडिया संवाददाता : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के उलबेड़िया इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 16 पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज गति से जा रहे एक एंबुलेंस ने सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही मां-बेटी को कुचल दिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध कर एंबुलेंस में आग लगा दी। इससे तनाव फैल गया। दमकलकर्मी जब आग बुझाने के लिए गए तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें रोक दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची। स्थिति बेकाबू देख रैफ को भी उतारा गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को काबू में किया। इस घटना के चलते राजमार्ग पर कई घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा, जिससे दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा एनएच 16 पर मुंबई रोड के किनारे उलुबेडिय़ा के जोरकला में सुबह साढ़े छह बजे हुआ। मृत मां-बेटी का नाम अपर्णा पराल (40) और टुसू पराल (10) हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बगनान में स्कालरशिप की परीक्षा देने जाने के लिए टुसू पराल मां अपर्णा के साथ बस पकड़ने के लिए सड़क के किनारे खड़ी थी। उसी समय तेज गति से आए एंबुलेंस ने नियंत्रण खो दिया और दोनों मां- बेटी को कुचल दिया। घटना के बाद एंबुलेंस चालक फरार हो गया। वहीं, इस घटना में पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने मां-बेटी की लाशों को लेकर सड़क जाम कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस क्षेत्र में इस तरह की दुर्घटनाएं नई नहीं हैं। उनका दावा है कि बार-बार इस प्रकार की घटना होने के बावजूद पुलिस- प्रशासन का इस तरफ ध्यान नहीं है। जिसके चलते लोगों को जान गंवानी पड़ रही है।
Edited By : Rahman











Total Users : 72357
Total views : 74198