कानपुर के बिधनू में लुटेरों को पकड़ने आये बाइक सवार पुलिस टीम से भीड़ ने हाथापाई कर आरोपितों को छुड़ा लिया।
कानपुर, क्राइम इंडिया संवाददाता, ओम शुक्ला : बिधनू तौधकपुर निहाल बाबा मंदिर के पास छिपे लुटेरों को पकड़ने को शनिवार शाम सादी वर्दी में बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों ने दो लुटेरों को पकड़ लिया। मगर, भीड़ द्वारा सिपाहियों को बदमाश समझकर हाथापाई कर दी गई, जिससे लुटेरे भागने में कामयाब रहे। इस दौरान बचाव में सिपाहियों ने हवाई फायरिंग भी की। हालांकि पुलिसकर्मी दोबारा टीम के साथ पहुंचे और लुटेरा पकड़ ले गए। दूसरी ओर स्थानीय पुलिस इस घटना की जानकारी से इन्कार कर रही है। चर्चा यह है कि इस कार्रवाई को एसटीएफ द्वारा अंजाम दिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाइक सवार दो लोग सादे कपड़ों में आए और दो लोगों को पकड़कर ले जाने लगे। दिन दहाड़े यह देखकर क्षेत्रीय लोगों को लगा कि बदमाश किसी को उठाकर ले जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बदमाश समझकर उन्हें घेर लिया। बाइक सवारों ने विरोध किया और पिस्टल निकाली तो वहां फायरिंग हो गई। यह देखकर दोनों बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद दोनों चार वर्दीधारी सिपाहियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर दोनों लुटेरे मौके से भागने लगे। जिस पर दौड़ाकर उनमें से एक एक को पकड़ लिया गया। वहीं दूसरा साथी भाग निकला। इधर, इंटरनेट मीडिया पर एसटीएफ टीम के साथ मुठभेड़ की खबर प्रचलित होने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लोगों से पूछताछ की तो लोगों ने पकड़े गए बदमाश के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि एसटीएफ टीम हो सकती है। हालांकि उन्हें कोई जानकारी नहीं है। घटना की जांच कर क्षेत्र में आई टीम और पकड़े गए युवक के बारे में जानकारी की जा रही है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार पुलिसकर्मी जिस बाइक से आए थे, उसमें यूपी-23 से नंबर शुरू था, जो कि अमरोहा का है।
Edited By : Rahman











Total Users : 72357
Total views : 74198