Wasseypur Double Murder: दाेनों युवकों को मारने के बाद सद्दाम ने प्रेमिका को फोन कर कहा था- ले लिया बदला

धनबाद, क्राइम इंडिया संवाददाता: वासेपुर में बीते रविवार को दो युवक सोहेल और साहिल की हत्या के मुख्य आरोपित सद्दाम की कथित प्रेमिका का शुक्रवार को पुलिस ने धारा 164 के तहत अदालत में बयान दर्ज कराया। उसने अपने बयान में बताया कि वह 10वीं कक्षा में कैंब्रिज स्कूल ऑफ लर्निंग में पढ़ती है। नौवीं में पढ़ने वाली उसकी एक दोस्त का भाई सद्दाम उसे पसंद करता था। मेरा उसके घर आना-जाना था और वह भी मेरे घर आती थी। कोर्ट में उसने बताया कि सद्दाम ने उसे पीले रंग का सैमसंग का एक फोन सिम कार्ड के साथ बात करने के लिए दिया था। उसने सद्दाम के बारे में अपनी मां को बताया था। उसके घर वाले सद्दाम को पसंद नहीं करते थे। 14 अक्टूबर को सद्दाम उसके घर मोबाइल की बैटरी रखने आया था। कहा कि इसके बारे में मुझे जानकारी नहीं थी। मेरा पड़ोसी सोहेल उसी समय रास्ते से गुजर रहा था। उसने सद्दाम को बैटरी रखते देख लिया था। सोहेल ने यह बात उसके भाई को बता दी। इसके बाद उसके भाई और सोहेल का सद्दाम के घर के पास ही स्थित आदिवासी स्कूल के सामने झगड़ा हो गया। इसकी जानकारी मेरे भाई ने घर आकर दी थी। प्रेमिका ने कोर्ट में बताया है कि भाई ने कहा था कि सद्दाम ने बदला लेने की धमकी दी है। उसी दिन शाम में सद्दाम ने मुझे भी फोन पर बताया कि वह इस लड़ाई का बदला लेगा। 16 अक्टूबर की शाम को मोहल्ले में हल्ला सुनकर उसे पता चला कि सद्दाम ने सोहेल और उसके दोस्त साहिल का मर्डर कर दिया है। उसी दिन रात में सद्दाम ने फोन कर मुझे बोला कि उसने बदला ले लिया। इधर, पुलिस हिरासत में सद्दाम अंसारी ने अपने बयान में बताया कि उसने पहले साहिल की हत्या की थी। थोड़ी देर के बाद जब उसे ढूूंढ़ते हुए सोहेल आया तो उसकी भी हत्या कर दी। 16 अक्टूबर की शाम सात बजे साहिल अंसारी उसे सामने से आता दिखाई दिया। उस वक्त सद्दाम अपने घर से 25- 30 फीट दूर तीन मुहाने के पास खड़ा था। जैसे ही साहिल वहां पहुंचा तो सद्दाम ने उसके गर्दन सहित शरीर के अन्य भागों पर जोरदार वार कर हत्या कर दी। थोड़ी देर के बाद मटकुरिया रोड वासेपुर की ओर से सोहेल अंसारी अपने दोस्त साहिल को ढूंढ़ते आया तो उसने उसकी भी उसी चाकू से हमला कर जान ले ली। उसके साथ उसके भाई शकील अंसारी, गुलाम मुस्तफा अंसारी एवं साकिब अंसारी भी थे। इसी दौरान शकील अंसारी उर्फ बैरिस्टर के दाहिने हाथ की एक अंगुली चाकू से कट गई। सद्दाम ने पुलिस को बताया कि इन दोनों की हत्या करते हुए उसे उसके घर की महिलाओं के अलावा वासेपुर के भी कई लोगों ने देखा था। आसपास के लोग यह देख डर गए। घटना के बाद सद्दाम ने खून लगी टीशर्ट खोल कर रख दिया तथा दूसरी टीशर्ट पहनकर करीमगंज की ओर पैदल भाग गया। हत्या में इस्तेमाल चाकू को अपने घर के छज्जे पर छिपा दिया। पुलिस को दिए बयान में मोहम्मद शकील अंसारी उर्फ बैरिस्टर ने बताया कि वह कारपेंटर का काम करता है। एक बहन कैंब्रिज पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। उसी के स्कूल में सद्दाम की प्रेमिका पढ़ती है। कहा कि जब सद्दाम के साथ मारपीट की गई, उसके बाद घर में चर्चा के दौरान यह भी पता चला कि उनकी बहनों का साहिल और सोहेल पीछा करते रहते हैं। यह सुनकर सभी ने दोनों की हत्या की प्लानिंग कर ली। उसके बाद सद्दाम ने अपने घर से दो चाकू खोज कर निकाला तथा अपने पास रख लिया। आसपास के लोगों ने भी दोनों का मर्डर होते देखा, पर हम छह भाइयों के खौफ से किसी ने कोई विरोध नहीं किया।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This