शामली, जागरण संवाददाता। गर्भवती के साथ पति द्वारा निर्दयता का मामला सामने आया है। गर्भवती को उसका पति बुधवार रात झिंझाना कस्बे में सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। महिला ने सड़क पर ही रात गुजारी, जिसके बाद गुरुवार सुबह उसको एंबुलेंस से शामली सीएचसी में लाकर भर्ती कराया गया। पीड़िता झिंझाना क्षेत्र के गांव पटनी परतापुर की रहने वाली है और आठ महीने की गर्भवती है। महिला ने बताया कि बुधवार रात उसकी तबीयत खराब हुई। पति उसे झिंझाना के किसी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराने की बात कहकर घर से लाया था, लेकिन झिंझाना पहुंचने पर उसे अस्पताल में भर्ती नहीं कराया। उसने पति से कहा कि प्राइवेट में नहीं, तो सरकारी अस्पताल में ही ले चलो। पति यह कहकर चला गया कि अभी थोड़ी देर में आता हूं, लेकिन फिर वह नहीं आया। महिला को सड़क पर ही छोड़कर पति चला गया। इस कारण महिला ने पूरी रात सड़क पर ही बिताई। सुबह स्थानीय लोगों ने महिला से नाम पता और उसकी परेशानी पूछी, जिसके बाद 102 एंबुलेंस मंगाकर महिला को शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहां महिला का उपचार चल रहा है। गुरुवार शाम तक भी उसका पति अस्पताल नहीं पहुंचा था। महिला का कहना है कि जब उसने मुझसे शादी की है और मंदिर में फेरे लिए हैं तो पति तथा ससुराल वाले इस हाल में मुझे अकेला क्यों छोड़ गए हैं।
Edited By : Rahman











Total Users : 73297
Total views : 75431