पश्चिम बंगाल: मालगाड़ी की चेसिस में छिपाकर की जा रही तस्करी को BSF ने किया नाकाम, 165 बोतल फेंसेडिल जब्त

कोलकाता, क्राइम इंडिया संवाददाता । बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के जवानों की कड़ी चौकसी की वजह से तस्कर आए दिन उनसे बचने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते रहते हैं, लेकिन सतर्क जवान उनकी हर चाल को नाकाम कर दे रहे हैं। इसी क्रम में अब बीएसएफ की 145वीं वाहिनी के जवानों ने उत्तर 24 परगना जिले में तस्करों के मंसूबों को नाकाम करते हुए मालगाड़ी की चेसिस में छिपाकर की जा रही तस्करी को नाकाम करते हुए 165 बोतल फेंसेडिल कफ सिरप जब्त किया है, जिसकी बांग्लादेश में तस्करी की जा रही थी।बीएसएफ ने एक बयान में बताया कि यह घटना 27 अक्टूबर की है, जब एकीकृत जांच चौकी (आइसीपी) पेट्रापोल में जवानों ने बांग्लादेश की तरफ जाने वाली मालगाड़ी की तलाशी के दौरान उसके वैगन की चेसिस में छिपाकर रखे गए 165 बोतलें फेंसेडिल बरामद की। तस्करों ने जवानों की नजरों से बचने के लिए इसे छिपाकर रखा था। वहीं, एक अन्य घटना में नदिया जिले में तैनात 84वीं वाहिनी की सीमा चौकी नटना के जवानों ने अपनी जिम्मेवारी के इलाके से 45 बोतलें फेंसेडिल जब्त की। बीएसएफ  के अनुसार, जब्त की गई सभी फेंसेडिल बोतलों की अनुमानित कीमत 41,603 रुपये है। बीएसएफ ने जब्त फेंसेडिल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए क्रमश: कस्टम कार्यालय हरिदासपुर और पुलिस थाना तेहट्ट को सौंप दिया है। इधर, इस घटना पर दक्षिण बंगाल सीमांत, बीएसएफ के प्रवक्ता व डीआइजी अमरीश कुमार आर्य ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी को रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है, जिसके चलते तस्करी में लिप्त लोगों को काफी मुश्किलों का अनुभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि तस्कर अक्सर अलग- अलग तरीकों से तस्करी के नुस्खे अपनाते रहते हैं, लेकिन हमारे सतर्क जवान उनके मंसूबों को लगातार नाकाम कर रहे हैं।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This