देहरादून : दीपावली की रात डायल 112 में ही बनी थी रील, सीसीटीवी की डीवीआर ने ली कब्जे में

देहरादून, क्राइम इंडिया संवाददाता : दीपावली की रात डायल 112 में सिपाहियों का डांस का वीडियो प्रसारित होने के मामले में जांच शुरू हो गई है। प्राथमिक जांच में उक्त वीडियो की लोकेशन डायल 112 की ही पाई गई है। जांच अधिकारियों ने सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में ले ली है, जल्द ही मामले का पर्दाफाश हो सकता है। सोमवार को एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें आठ से दस महिला सिपाही ड्यूटी के दौरान फिल्मी गीतों पर थिरकती नजर आ रही हैं। वीडियो में यह भी साफ दिखाई और सुनाई दे रहा है कि कंट्रोल रूम में लगातार फोन घनघना रहे हैं, लेकिन नृत्य करने में व्यस्त महिला सिपाही फोन उठाने की जहमत नहीं उठा रही हैं। ये सिपाही ड्यूटी के दौरान वर्दी में भी नहीं हैं। वीडियो दीपावली की रात का बताया जा रहा है। वहीं, इस मामले में ड्यूटी आफिसर की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। डायल 112 में दिन व रात में अलग-अलग ड्यूटी आफिसर तैनात होते हैं। जिस समय महिला सिपाही अपनी ड्यूटी से इतर रील बनाने में व्यस्त थीं तो इसकी भनक ड्यूटी आफिसर को क्यों नहीं लगी। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।    इस मामले में एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने एसपी क्राइम को जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, दूरसंचार विभाग से मामले की जांच एएसपी सुनील नेगी कर रहे हैं। एडीजी अमित सिन्हा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच करवाई जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि महिला सिपाही ड्यूटी के दौरान यदि रील बना रही हैं तो यह दुर्भाग्यपूर्ण और यदि वह ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हैं तो ऐसी नौबत ही क्यों आई कि वह कंट्रोल रूम में ही रील बनाने लगीं। वहीं जन्मदिन की पार्टी में जबरन घुसकर वीडियो बनाने और वसूली के मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक महिला सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। कांवली रोड निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि 30 अक्टूबर को वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ आइएसबीटी स्थित एक रेस्टोरेंट में गई थीं। इस दौरान अदनान कुरैशी व कुछ अन्य जबरदस्ती पार्टी में घुस आए और नाबालिग बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने लगे। बेटियों ने जब विरोध किया तो सोनिया बालियान नाम की महिला, जोकि खुद को एक अखबार का पत्रकार बता रही थी, ने वीडियो बनानी शुरू कर दी। वीडियो डिलीट करने के एवज में 50 हजार रुपये मांगे। इससे इन्कार करने पर अपने फेसबुक पेज पर लाइव वीडियो चलाना शुरू कर दिया और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। साथ ही धमकी दी कि यदि रुपये नहीं दिए तो वह बदनाम कर देगी। पटेलनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि इस मामले में सोनिया बालियान, अदनाद कुरैशी व अन्य के खिलाफ छेड़छाड़, वसूली, जान से मारने की धमकी और पोक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This