पश्चिम बंगाल कोलकाता, क्राइम इंडिया संवाददाता। लाटरी कांड की जांच कर रही सीबीआइ ने शनिवार को आसनसोल जेल जाकर तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली नेता अनुब्रत मंडल से पूछताछ की। अनुब्रत मवेशी तस्करी कांड में गिरफ्तारी के बाद फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में हैं। गिरफ्तारी से कुछ समय पहले उन्होंने लाटरी का टिकट खरीदा था और एक करोड़ रुपये का इनाम जीता था। आरोप है कि लाटरी की आड़ में उन्होंने काले धन को सफेद किया था। सीबीआइ को पता चला है कि अनुब्रत की तरफ से लाटरी के जिस टिकट की बदौलत एक करोड़ रुपये जीतने का दावा किया गया था, वह टिकट दरअसल बीरभूम जिले की नहिना गांव के एक निवासी ने खरीदा था। संभवत: उसे इनामी धनराशि देकर वह टिकट उससे ले लिया गया था। भाजपा विधायक व बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कुछ दिन पहले केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि बंगाल में लाटरी के नाम पर धांधली हो रही है और इसमें तृणमूल नेताओं की साठगांठ है। बताया जा रहा है कि अनुब्रत ने जिस लाटरी दुकान से टिकट खरीदा था, वहां के विक्रेता मुन्ना शेख ने सीबीआइ पूछताछ में साफ तौर पर कहा है कि उन्होंने अनुब्रत को कोई लाटरी का टिकट नहीं बेचा था। मुन्ना को बोलपुर स्थित सीबीआइ के अस्थायी कैंप में शुक्रवार सुबह पूछताछ के लिए बुलाया गया था। वहां उनसे करीब एक घंटे तक पूछताछ हुई। मुन्ना ने सीबीआइ से बार-बार यही कहा कि उन्होंने अनुब्रत को कोई लाटरी का टिकट नहीं बेचा था। सीबीआइ की एक टीम ने शुक्रवार सुबह ही बोलपुर की एक लाटरी दुकान में जाकर पूछताछ की थी। दरअसल सीबीआइ यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अनुब्रत ने आखिरकार लाटरी का टिकट कहां से खरीदा था।
Edited By : Rahman











Total Users : 72357
Total views : 74198