पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता : बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा के पास समुद्र में हिलसा मछली की तलाश कर रहे मछुआरों को शनिवार सुबह 36 किलोग्राम वजन की तेलिया भोला नाम की मछली हाथ लगी। यह मछली करीब दो लाख 74 हजार रुपये में बिकी। बताया गया कि जब मछुआरे समुद्र किनारे मछली की तलाश कर रहे थे तभी कांथी ट्रालर विवेक करण के स्वामित्व वाले धरनी नामक ट्रालर में बड़े आकार की यह मछली जा घुसी। इसके बाद मछुआरों ने इसे पकड़ लिया। इस विशाल मछली को देखने के लिए समुद्र तट पर पर्यटकों व मछुआरों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग इसके आकार को देखकर अचंभित थे। काफी देर तक नीलामी चलने के बाद अंतत: दो लाख से अधिक कीमत में यह मछली बिकी। सन एंड कंपनी, कोलकाता ने 36.5 किलोग्राम वजन की इस मछली को 7500 रुपये प्रति किलो के हिसाब से कुल दो लाख 73 हजार 750 रुपये में खरीदा। बताया गया कि इस प्रकार की मछली का उपयोग आमतौर पर दवा बनाने के लिए किया जाता है और इसे ऊंची कीमत पर विदेशों में भेज दिया जाता है। यह मछली आमतौर पर गहरे समुद्र में पाई जाती है। बता दें कि कई बार समुद्र किनारों पर बड़ी मछलियां आ जाती है। इसी दौरान मछुआरों के हाथ इस प्रकार की मछली लग जाती है।
Edited By : Rahman











Total Users : 71854
Total views : 73487