पश्चिम बंगाल, का बंटवारा नहीं होने देगी कांग्रेस’, अधीर ने कहा पंचायत चुनाव के चलते भाजपा उठा रही विभाजन का मुद्दा

पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता,। पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष व लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी बंगाल का विभाजन कभी नहीं होने देगी। मालदा जिले के रतुआ के श्रीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि भाजपा अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए विभाजन के मुद्दों को उठा रही है। उन्होंने कहा, हम बंगाल का विभाजन कभी नहीं होने देंगे। चुनाव आ रहे हैं, इसलिए भाजपा ऐसे मुद्दों को उठा रही है। कांग्रेस हमेशा बंगाल को विभाजित करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ लड़ेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी ने कहा, अनंत राय कौन हैं? यदि उत्तर बंगाल के लोग उपेक्षित महसूस करते हैं, तो इसे संबोधित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार को उत्तर बंगाल को विकसित करने के तरीकों पर गौर करना चाहिए। दरअसल, ग्रेटर कूचबिहार आंदोलन के नेता अनंत राय ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निशिथ प्रमाणिक से मुलाकात की थी और दावा किया कि बंगाल से अलग होकर एक नए केंद्र शासित प्रदेश का गठन केवल समय की बात है। राय ग्रेटर कूचबिहार पीपुल्स एसोसिएशन के एक गुट का नेतृत्व करते हैं, जो उत्तर पश्चिम बंगाल से अलग ग्रेटर कूचबिहार राज्य की मांग करता है। बता दें कि उत्तर बंगाल से भाजपा के कई नेता, सांसद व विधायक समय-समय पर आठ उत्तरी जिलों को मिलाकर एक केंद्र शासित प्रदेश की मांग करते रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस पंचायत चुनाव के लिए माकपा के साथ गठबंधन करेगी, चौधरी ने कहा, मुझे नहीं पता। तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यह सुनिश्चित करने के लिए बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का इस्तेमाल कर रहे हैं कि विपक्ष मजबूत न हो जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और दीदी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। बंगाल के लोगों को अब और बरगलाया नहीं जा सकता। वे समझ गए हैं कि टीएमसी चोरों की पार्टी है।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This