जासं पटना, क्राइम इंडिया संवाददाता। राजधानी में एक पत्नी ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी का कहना है कि उसका पति प्रेमिका को लेकर घर आया। इस बात का विरोध करने पर पति रोहित ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। जानकारी के मुताबिक 2018 में दोनों की शादी हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बुद्धा कालोनी थाना क्षेत्र के चीनाकोठी निवासी रोहित कुमार प्रेमिका को घर लेकर आया और पत्नी को पीट-पीटकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता नेहा थाने पहुंची और प्राथमिकी कराई। घटना दो नवंबर की रात हुई। नेहा ने पति पर दहेज में एक लाख रुपये नगद और बाइक दिलाने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष नीहार भूषण ने बताया कि दहेज प्रताड़ना का मुकदमा किया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है। नेहा ने बताया कि उसकी शादी 2018 में रोहित से हुई थी। उसे दो बच्चे भी हैं। शादी के बाद भी उसपर मायके से रुपये लाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। जब मायके वालों ने इन्कार कर दिया तो रोहित दूसरी शादी की धमकी देने लगा और बुधवार रात एक युवती को प्रेमिका बता कर घर ले आया। नेहा के विरोध करने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। वहीं गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एग्जीबिशन रोड में शुक्रवार को एक महिला दो शातिरों के झांसे में आकर कान की बाली और मंगलसूत्र गवां बैठी। पीड़िता सिंकू देवी ने दोनों शातिरों के खिलाफ गांधी मैदान थाने में केस किया है। सिंकू पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के मैनपुरा की रहने वाली है। वह शुक्रवार को एग्जीबिशन रोड स्थित बैंक में रुपये जमा करने गई थी। रुपये जमा कर वह वापस घर लौट रही थी कि वहीं रास्ते में दो युवक मिल गए। जो उन्हें रोककर पूछने लगे कि आप कौन से भगवान की पूजा करती हैं। दोनों शातिर महिला को अपनी बातो में उलझाते हुए बताया कि गहना दोगुना और मन्नत पूरी हो सकती है। इसके लिए आपको अपने गहने को पर्स में रखकर दस कदम आगे बढ़ना है। महिला उसकी बातों में आ गई। पर्स में कान का झुमका और मंगलसूत्र रख शातिर को देकर कुछ ही कदम आगे बढ़ी की शातिर वहां से फरार हो गए।
Edited By : Rahman











Total Users : 73294
Total views : 75421