धारूहेड़ा, क्राइम इंडिया संवाददाता: शादी से एक दिन पहले बहन को लेकर ब्यूटी पार्लर गया दूल्हा लापता हो गया। दूल्हे के लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। कहीं भी सुराग नहीं लगने पर स्वजन ने धारूहेड़ा थाना में शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं लड़की के परिवार वालों से बातचीत की गई। बाद में लापता युवक के छोटे भाई को दुल्हा बनाकर परिवार के ही पांच लोग दुल्हन ब्याहने के लिए रेवाड़ी से रवाना हुए। पुलिस को दी शिकायत में धारूहेड़ा क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने बताया कि वह तीन भाई-बहन है। उनके बड़े भाई की शादी सोनीपत की रहने वाली एक युवती से तय हुई थी। चार नवंबर, शुक्रवार को देवउठनी पर शादी होनी तय हुई थी। शादी पंजाब के लुधियाना में युवती के मामा के घर पर होनी थी। बृहस्पतिवार को उसका बड़ा भाई मोटरसाइकिल पर बहन के साथ बाजार में ब्यूटी पार्लर गया था। बहन को ब्यूटी पार्लर में छोड़ने के बाद युवक ने कहा कि वह अपने दोस्त के पास जा रहा है और थोड़ी देर बाद वह वापस आ जाएगा। इसके बाद युवक वापस नहीं लौटा। युवक के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर बहन ने स्वजन को सूचना दी। स्वजन ने युवक की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया। शादी से एक दिन पहले दूल्हे के लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया।मामला दोनों परिवारों के मान सम्मान से आकर जुड़ गया। उधर लड़की वालों की तरफ से भी शादी की पूरी तैयारी कर ली गई थी। दुल्हे के चाचा ने बताया कि लड़की वालों से बातचीत करके छोटे भाई को दुल्हा बनाया गया तथा बरात लेकर परिवार के ही गिने चुने लोग लुधियाना जा रहे हैं।
Edited By : Rahman











Total Users : 71583
Total views : 73091