कोलकाता, क्राइम इंडिया संवाददाता । बंगाल में कुछ माह पहले लाखों की नकदी के साथ गिरफ्तार किए गए झारखंड कांग्रेस के तीनों निलंबित विधायकों डा इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी को गुरुवार को कलकत्ता हाई कोर्ट ने नियमित जमानत दे दी। इसके बाद तीनों विधायकों के अब रांची जाने का रास्ता साफ हो गया है। गौरतलब है कि इससे पहले हाई कोर्ट ने 18 अगस्त को तीनों विधायकों को सशर्त जमानत देते हुए कोलकाता छोड़ने पर रोक लगा दी थी। अदालत ने निर्देश दिया था कि तीनों विधायक तीन महीने तक कोलकाता से बाहर नहीं जाएंगे और हफ्ते में एक दिन इस मामले की जांच कर रहे आइओ के सामने पेश होंगे। उसके बाद से तीनों विधायक कोलकाता में रह रहे थे। अब अदालत ने तीनों को नियमित जमानत दे दी है। बता दें कि 30 जुलाई को तीनों विधायकों को हावड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 16 पर रानीहाटी मोड़ के पास 48 लाख रुपये की नकदी के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। झारखंड के जामताड़ा से विधायक इरफान अंसारी की गाड़ी से ये नकदी मिली थी जिसमें तीनों विधायक यात्रा कर रहे थे। बाद में इस मामले की जांच राज्य सीआइडी को सौंप कर दी गई थी। विधायकों पर आरोप है कि उन्होंने झारखंड की मौजूदा हेमंत सरकार को गिराने के एवज में ये रुपये लिए थे। वहीं विधायकों ने दावा किया था कि इस पैसे से आदिवासी दिवस पर वितरण के लिए साड़ी और फुटबाल खरीदने वे लोग कोलकाता जा रहे थे। विधायकों ने इस मामले में फंसाने का आरोप लगाया था। इस बीच कैश कांड के इस मामले में ईडी मनी लाड्रिग की जांच करेगी। ईडी ने तीनों विधायकों के खिलाफ मनी लांड्रिंग के तहत मामला दर्ज किया है।
Edited By : Rahman











Total Users : 72567
Total views : 74473