संवाद सहयोगी, कलानौर : कलानौर की अनाज मंडी में रहने वाले आढ़ती ने पत्नी और दो बेटियों की हत्या के बाद पुलिस को गुमराह तो खूब किया, लेकिन उसके हावभाव और बातचीत के बाद वह शक के घेरे में आ गया। दरअसल, सुबह करीब साढ़े सात बजे उसने अपने पड़ोसी रविंद्र को फोन कर कहा। जिसे बताया कि वह बाथरूम के अंदर बंद है और बाहर से कुंडी लगी हुई है। इस पर रविंद्र वहां पहुंचा और कुंडी खोल दी। बाहर निकलने के बाद वह रविंद्र को लेकर कमरे में पहुंचा। जहां पर उसकी पत्नी रिंपी, बेटी अवनी व अवंतिका के शव बेड पर पड़े हुए थे। यह देखने के बाद रविंद्र वहां से चला गया और अपने भाई के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। करीब सवा आठ बजे पुलिस वहां पहुंची। आढ़ती देवेंद्र की हरकत देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। वह पत्नी और बेटियों के शवों के पास बैठकर चाय पी रहा था। जिस समय पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उससे हत्याकांड की जानकारी लेनी चाही तो उसने पुलिसकर्मियों को दो टूक जवाब दिया। कहा कि जो काम करने आए हो कर लो, मुझे तंग मत करो। वह तभी पुलिस के रडार पर आ गया था। शिकायतकर्ता रोहित ने बताया कि 29 अक्टूबर को उसके बेटे का जन्मदिन था। इसके लिए घर पर फंक्शन रखा गया था। उसने जीजा देवेंद्र से फोन पर बात की और कहा कि वह रिंपी और दो बेटियों को लेने आ जाएगा और फिर वापस भी छोड़ देगा, लेकिन देवेंद्र ने साफ मना कर दिया था कि फंक्शन में कोई नहीं जाएगा। अवनी दूसरी क्लास में पढ़ती थी और अवंतिका पहली क्लास की छात्रा थी। पड़ोसी रविंद्र ने बताया कि करीब साढ़े सात बजे उसके पास देवेंद्र का फोन आया था। उस समय मैं खेत में जाने की तैयारी कर रहा था। जब वह गया था दुकान की तरफ वाले गेट का शटर बंद था। इसके बाद वह पीछे के रास्ते से अंदर गया और बाथरूम का दरवाजा खोला। तीनों के शव पड़े देखकर वह वहां से वापस आ गया था। प्राथमिक जांच में पता चला कि पत्नी और दोनों बेटियों की हत्या के बाद आरोपित रात भर उन्हीं के पास रहा। सुबह करीब सात बजे उसने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया और खुद ही हाथ से बाहर की कुंडी बंद कर दी। जिससे लगे कि उसे बाथरूम में बंद किया गया है। आरोपित ने पुलिस को फोन करने की बजाय अपने पड़ोसी को फोन कर बुलाया, जिससे वह उसके पक्ष में गवाही दे सके, लेकिन यह कहानी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। इस पूरे मामले में सोनीपत जिले के नाहरी गांव निवासी रोहित ने शिकायत दर्ज कराई है। जिसने बताया कि वर्ष 2013 में उसकी बहन रिंपी की शादी देवेंद्र के साथ हुई थी। जो शराब पीने का आदी था और बहन व भांजियों के साथ मारपीट करता था। वह अपनी बहन और भांजियों को लेकर घर आ गए थे, लेकिन कुछ दिन बाद वह माफी मांगकर फिर से उन्हें लेकर आ गया था। यहां तक कि रिंपी पर फोन करने पर भी पाबंदी लगा रखी थी। देवेंद्र व उसके माता-पिता और भाई-भाभी ने साजिश के तहत हत्याकांड को अंजाम दिया है। क्योंकि जब भी उसके माता-पिता व भाई-भाभी घर पर आते थे तभी वह रिंपी के साथ मारपीट करता था। पुलिस देवेंद्र समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। तीनों के शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Edited By : Rahman











Total Users : 72474
Total views : 74368