इटावा, क्राइम इंडिया संवाददाता। इकदिल कस्बा में गुलियांत मोहल्ला गुरुवार की सुबह जोरदार धमाके से दहल गया। यहां सिलिंडर फटने से जबरदस्त धमाके से आतिशबाज का दोमंजिला मकान धराशायी हो गया। हादसे में करीब दस लोग जख्मी हुए हैं, वहीं मौके पर पहुंची दमकल ने विस्फोट के बाद लगी आग बुझाई। धमाका इतना तेज था कि मकान का मलबा करीब सौ मीटर दूर तक बिखर गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। इकदिल कस्बा में गुलियांत मोहल्ला में आतिशबाज स्व. लायक हसन का घर है। यहां पर उनका परिवार रह रहा है और आतिशबाज का काम करता है। गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे उनके घर में सिलिंडर में आग लगने के बाद जोरदार धमाका होने पर मोहल्ले के लोग दहल गए। धमाका इतना तेज था कि आतिशबाज का दो मंजिला मकान ढह गया। हादसे में गृहस्वामिनी 53 वर्षीय खातून बेगम पत्नी स्व. लायक हसन, उसका 25 वर्षीय पुत्र समीर, 24 वर्षीय पुत्री अरसी, पांच वर्षीय जीनत, सात वर्षीय अनम, नौ वर्षीय अमजा पुत्रीगण इख्त्यािर तथा चार राहगीर 30 वर्षीय बृजेंद्र शाक्य पुत्र राजेश दत्त, 28 वर्षीय रामू पुत्र अतर सिंह, 29 वर्षीय निर्मल चंद्र पुत्र जय नरायण, 25 वर्षीय सोनू पुत्र रामू शाक्य निवासीगण कछियांत समेत दस लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे की जानकारी होते ही एएसपी सिटी कपिल देव सिंह, सीओ सिटी अमित कुमार सिंह, इकदिल थानाध्यक्ष रणविजय सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल घनी बस्ती के बीच और संकरी गलियां होने से दमकल को पहुंचने में दिक्कत हुई। फायर ब्रिगेड जवानों ने आग पर काबू पाया और पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जिसमें समीर की हालत नाजुक बताई जा रही है। विस्फोट की तीव्रता इस कदर रही कि सौ मीटर दूर तक मलबा बिखर गया। इकदिल नगर पंचायत अध्यक्ष डा. सौरभ दीक्षित ने बताया कि खाना बनाने के दौरान आग लगने से सिलिंडर फटने से विस्फोट में दोमजिला मकान गिरा है। पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों द्वारा मौके पर की गई जांच में पाया गया है कि विस्फोट और आग लगने की वजह सिलिंडर का फटना है। उन्होंने बताया कि घर में आतिशबाजी नहीं मिली है। गृहस्वामी पुराने आतिशबाज थे और वर्तमान में परिवार आतिशबाजी का काम करता है। घर पर आतिशबाजी निर्माण व भंडारण नहीं किया जा रहा था। जिला अस्पताल में भर्ती खातून बेगम और समीर ने भी सिलिंडर में आग लगने से घटना की पुष्टि की है।
Edited By : Rahman











Total Users : 72357
Total views : 74198