पश्चिम बंगाल : मवेशी तस्करी मामला में सीबीआइ के बाद अब ईडी ने टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल को किया गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल,

क्राइम इंडिया संवाददाता। मवेशी तस्करी मामले में सीबीआइ के बाद अब ईडी ने टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार किया है। मवेशी तस्करी घोटाले के धन शोधन पहलू की जांच कर रही ईडी ने गुरुवार को आसनसोल सुधार गृह में बंद अनुब्रत मंडल से पूछताछ की। साढे पांच घंटे की पूछताछ में अनुब्रत की ओर से दिए गए जवाब में विसंगतियां मिलने के बाद ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने मंडल से सुधार गृह में पूछताछ के लिये इजाजत मांगी थी। मंडल के खाते में करोड़ों रुपये कहां से आए, इसका वह सटीक जवाब नहीं दे पाए। क्या यह पैसे मवेशी तस्करी से अर्जित किए गए हैं, इसका जवाब भी वह नहीं दे पाए। उसके बाद ही ईडी ने मंडल को गिरफ्तार करने का फैसला किया। सूत्रों के मुताबिक अब ईडी पूछताछ के लिए मंडल को दिल्ली ले जाना चाहती है। इससे पहले मंडल की बेटी सुकन्या ने पूछताछ के दौरान एजेंसी के अधिकारियों को बार-बार बताया था कि उसके पिता को ही उन वित्तीय खातों व लेन-देन की जानकारी है जिसके बारे में ईडी उनसे पूछताछ कर रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों का दावा है कि अनुब्रत की पुत्री सुकन्या मंडल, उनके लंबे समय के अंगरक्षक सहगल हुसैन और उनके लेखाकार मनीष कोठारी के बयान अनुब्रत के खिलाफ गए हैं। जांचकर्ताओं के मुताबिक सुकन्या समेत तीन लोगों के बयानों से मवेशी तस्करी में अनुब्रत की सक्रिय भूमिका और उजागर हुई है। मनीष मंडल परिवार के 2015 से 2021 तक के करोड़ों के बैंक जमा खातों और आय-असंगत संपत्तियों के बारे में किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे सके। जांचकर्ताओं के मुताबिक अनुब्रत के करीबी कारोबारियों के बयानों में भी विसंगतियां हैं। तीन हफ्ते पहले ईडी सहगल को पूछताछ के लिए दिल्ली ले गई थी। हाल ही में अनुब्रत की बेटी सुकन्या को भी दिल्ली तलब किया गया था और तीन दिनों में करीब 22 घंटे तक पूछताछ की गई थी। ईडी के अधिकारियों ने दिल्ली कार्यालय में अनुब्रत की बेटी सुकन्या और अकाउंटेंट मनीष से आमने-सामने भी पूछताछ की थी। जांचकर्ताओं का दावा है कि सहगल मवेशी तस्करी के गिरोह को चलाने के लिए पुलिस-प्रशासन को प्रबंध करता था।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This