मुख्यमंत्री ममता बनर्जी : के बुलावे पर मिलने पहुंचे भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी, बंगाल की राजनीति में ये क्‍या हो रहा

पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता, सुब्रत मोहंता पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने आज विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात कर सबको चौंका दिया। ममता बनर्जी ने इसे साधारण ‘चाय पर चर्चा’ बताया है। इधर, सुवेंदु अधिकारी ने इसे ‘शिष्‍टाचार मुलाकात’ कहा है। बंगाल विधानसभा सत्र के दौरान हुई मुख्‍यमंत्री और विपक्ष के नेता की इस मुलाकात को राजनीतिक के जानकार बेहद महत्‍वपूर्ण मान रहे हैं। संविधान दिवस के मौके पर शुक्रवार को बंगाल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान अविश्वसनीय नजारा दिखा, जब दो राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच बैठक हुई। मुख्यमंत्री के बुलावे पर सुवेंदु अपने साथ तीन अन्य भाजपा विधायकों के साथ पहली बार विधानसभा में सीएम के चेंबर में उनसे मुलाकात के लिए पहुंचे। ममता ने विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी को अचानक चाय पर बुलाया था। इसके बाद सुवेंदु भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल, मनोज टिग्गा और अशोक लाहिरी के साथ विधानसभा स्थित उनके कक्ष में गये। बताया जा रहा है कि इस दौरान ममता व सुवेंदु के बीच लगभग पांच मिनट तक बातचीत हुई। गौरतलब है कि पिछले साल बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के बाद यह पहली बार है जब भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच इस तरह की मुलाकात हुई है। बैठक के बाद बाहर निकलने पर पत्रकारों के सवाल पर सुवेंदु ने कहा कि यह शिष्टाचार मुलाकात थी। सुवेंदु ने विधानसभा चुनाव से पहले मंत्री पद से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर ममता और सुवेंदु के बीच मुकाबला हुआ था, उस चुनाव में ममता पराजित हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच कटुता और बढ़ गई और दोनों एक दूसरे के खिलाफ लगातार तीखी बयानबाजी करते रहे हैं। उसके बाद यह पहला अवसर है, जब सीएम और सुवेंदु के बीच मुलाकात हुई है।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This