West Bengal : हावड़ा में अमेजन और फ्लिपकार्ट के नाम पर चल रही थी धोखाधड़ी 54 गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता, सईद अनवर हावड़ा सिटी पुलिस ने अमेजन-फ्लिपकार्ट के नाम पर अवैध काल सेंटर की आड़ में चल रहे धोखाधड़ी के धंधे का भंडाफोड़ किया है। इस सिलसिले में गिरोह के 54 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हावड़ा के डोमजूर थाना इलाके के अंकुरहाटी में काफी समय से अवैध काल सेंटर की आड़ में ठगी का यह धंधा चल रहा था। गुप्त सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार देर रात  पुलिस की टीम ने यहां छापेमारी की। मौके से कुल 54 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 15 महिलाएं हैं। पुलिस ने कार्यालय से 50 कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, अंकुरहाटी में वेबेल आइटी पार्क में पिछले डेढ़ साल से वैश्यिन साफ्टवेयर साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी किराए पर कार्यालय लेकर काल सेंटर चला रही थी। बताया जा रहा है कि उस कंपनी में दिन के मुकाबले रात में ज्यादा काम होता था। उस कंपनी के कर्मचारी नेट मेट टेक्नोलाजी नामक कंपनी के अधीन कार्यरत थे। इसी नाम से कर्मचारियों के पहचान पत्र भी जारी किए गए थे। यहां से ठगी का धंध के बारे में शिकायत के बाद हावड़ा सिटी पुलिस के जासूस काफी समय से इस काल सेंटर की निगरानी कर रहे थे। इसी क्रम में पुलिस ने रात में यहां छापेमारी की, जिसमें इसका भंडाफोड़ हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आम खरीदारों के साथ इस आधार पर ठगी की गई कि अमेजन, फ्लिपकार्ट समेत विभिन्न कंपनियों के खरीद बिल लंबित हैं। इसके अलावा कर्मचारी बैंकों से कर्ज लेकर या तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर ग्राहकों के एटीएम कार्ड की सारी जानकारी चुरा लेते थे। यह भी पता चला है कि ठगी के पैसे को विदेश में अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ज्यादातर पैसा अमेरिका भेजा गया था। हावड़ा सिटी पुलिस की साइबर सेल ने आरोपितों के खिलाफ आइटी एक्ट के तहत धोखाधड़ी और अवैध रूप से काल सेंटर चलाने समेत कई गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों से ठगी की है। बता दें कि हाल के दिनों में राजधानी कोलकाता में भी कई अवैध काल सेंटरों का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस लगातार इसके खिलाफ अभियान चला रही है।

Edited by : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This