पश्चिम बंगाल : में शादी समारोह स्थल के पास देसी बम विस्फोट में चार घायल, पांच लोग हिरासत में

पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता : बंगाल के उत्तर 24 परगना के जगदल इलाके में रविवार तड़के एक शादी समारोह स्थल (मैरिज हाल) के पास बमबारी की घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल सभी व्यक्ति बाराती पक्ष के बताए जा रहे हैं। बम विस्फोट की इस घटना के बाद यहां अफरा-तफरी मच गई। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात जगदल के मोमिनपाड़ा इलाके में मैरिज हाल में संगीत बजाने को लेकर शादी पार्टी के कुछ सदस्यों और एक स्थानीय निवासी के बीच कहासुनी हो गई। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद रविवार तड़के मैरिज हाल के बाहर कई देसी बम विस्फोट हुए, जिसमें बाराती पक्ष के चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि मैरिज हाल के बाहर जानबूझकर बम से हमला किया गया। घटना के सिलसिले में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने इलाके से दो जिंदा बम भी बरामद किया है।बताया जा रहा है कि पुलिस जब तलाशी अभियान चला रही थी तो उस दौरान भी एक बम फटा। पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस व स्थानीय सूत्रों के अनुसार रात में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। उसी दौरान इलाके के रहने वाले आशिक खान से माइक बजाने को लेकर वर पक्ष का विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई। हालांकि स्थानीय लोगों की मध्यस्थता से मामला शांत हो गया। आशिक खान घर वापस चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह अपने कुछ लोगों के साथ अचानक वापस लौटा और मैरिज हाल के बाहर कथित रूप से बमबारी करने लगा। इसमें चार लोग घायल हो गए। इसके बाद सभी वहां से फरार हो गया। इधर, इस घटना के बाद राज्य में मुख्य विपक्षी भाजपा ने इसे आगामी पंचायत चुनाव से जोड़ते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर बमों का भंडार इकट्ठा करने का आरोप लगाया है। हालांकि तृणमूल ने आरोपों का खंडन किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि स्थानीय तृणमूल नेताओं ने इलाके में आतंक फैलाने के लिए बमों को इकठ्ठा किया है और जब भी कोई विवाद होता है तो सत्तारूढ़ दल के उपद्रवियों द्वारा बम फेंके जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस इलाके में कई बम विस्फोट की घटनाएं हो चुकी है और बड़ी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद हुए हैं, जिसमें हर बार तृणमूल की संलिप्तता साबित हुई है। इस पर तृणमूल के राज्य प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार ने कहा कि भाजपा हर चीज में राजनीति कर रही है और तृणमूल के खिलाफ झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे लोग ऐसी घटनाओं में शामिल नहीं हैं।

Edited By : Rahman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This