महुआ वैशाली, क्राइम इंडिया संवाददाता : महुआ नगर परिषद के शेरपुर छतवारा पंचायत में पहुंची बरात में जयमाल के बाद अचानक दूल्हा फरार हो गया। शादी के ऐन वक्त दूल्हे के भाग जाने की सूचना मिलते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई। लड़के के फरार होने की सूचना के बाद लड़की के घरवालों ने दूल्हे के घरवालों के साथ कैमरामैन एवं चालक को बंधक बना लिया। घंटों बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति पर दूल्हे के चचेरे भाई से शादी कराई गई। इसके बाद लड़की के घर वालों ने बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त किया। तब जाकर किसी तरह मामला शांत हुआ। जानकारी के अनुसार महुआ थाना क्षेत्र के मधौल पंचायत से भुनेश्वर सिंह के पुत्र विजय कुमार की बरात महुआ नगर परिषद के शेरपुर छतवारा आई थी। बरात पहुंचने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने बरातियों का पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया। इसके बाद बरात दरवाजे पर लगी। जयमाल का भी रस्म अदायगी की गई। जयमाल के कुछ ही देर बाद वहां से दूल्हा चुपचाप फरार हो गया। जब इस बात की जानकारी लड़के वालों को हुई तो बरातियों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच दूल्हे के भाग जाने की सूचना लड़की पक्ष के लोगों को भी मिली। इसके बाद वधू पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए तथा दूल्हे के घरवाले व उसके साथ आए कैमरा मैन और गाड़ी के चालक को बंधक बना लिया। साथ ही बराती की गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले ली। बताया जाता है कि लड़के का पहले से किसी लड़की के साथ अफेयर चल रहा था। इसी बात को लेकर दूल्हा फरार हो गया। लगभग 18 घंटे तक बरातियों के बंधक बने रहने के बाद मधौल पंचायत के मुखिया जवाहिर राय, पूर्व जिला पार्षद अशोक कुमार अकेला, पंचायत समिति सदस्य पति विजय कुमार, शेरपुर छतवारा पंचायत के पूर्व मुखिया नवीन चन्द्र भारती के काफी प्रयास के बाद मामले को किसी तरह शांत किया गया। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति के बाद लड़की की शादी दूल्हे के चचेरे भाई लालू सिंह के साथ की गई। इसके बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।
Edited By : Rahman











Total Users : 71583
Total views : 73091