पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता : राजधानी कोलकाता के साल्टलेक इलाके में पुलिस ने एक और फर्जी काल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। इस सिलसिले में आठ महिलाओं सहित कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य इस फर्जी काल सेंटर के जरिए खुद को माइक्रोसाफ्ट का कर्मचारी बताकर तकनीकी सहायता के नाम पर विदेशी नागरिकों से ठगी करते थे। पुलिस ने मौके से कई कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, लैपटाप, स्मार्ट फोन, राउटर, अटेंडेंस रजिस्टर, कस्टमर डेटा, फर्जी रबर स्टांप, डेबिट कार्ड, चेक बुक समेत कई दस्तावेज भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि वायस ओवर इंटरनेट प्रोटोकाल का इस्तेमाल कर जर्मनी और अमेरिका के नागरिकों को फोन किया जाता था और उन्हें चूना लगाया जाता था। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद विधाननगर कमिश्नरेट की गुप्तचर शाखा व ईको पार्क थाने की पुलिस ने मिलकर छापामारी की, जिसमें इस ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली कि साल्टलेक के न्यूटाउन आकांक्षा मोड़ इलाके में स्थित आस्था टावर में कुछ समय से फर्जी काल सेंटर चल रहा है। तकनीकी सहायता प्राप्त करने के लिए ये लोग विदेशी नागरिकों को अपने आनलाइन मनी ट्रांसफर ऐप वालेट को रिचार्ज करने को कहते थे। पुलिस के अनुसार जब विदेशी नागरिक उस वालेट में अपने डेबिट या क्रेडिट कार्ड से रिचार्ज करता था तो वह जानकारी जालसाजों के हाथ लग जाती थी। उसके बाद विदेशी नागरिकों के बैंक खाते से ये लोग पैसा ट्रांसफर कर लेते थे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब तक गिरोह ने कितने लोगों को चूना लगाया है, इसकी पड़ताल की जा रही है।
Edited By : Rahman











Total Users : 72333
Total views : 74162