मूसेवाला, क्राइम इंडिया संवाददाता, ओम शुक्ला : पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड गोल्डी बरार को अमेरिका के कैलिफोर्निया से हिरासत में ले लिया गया है. इंटरपोल ने कुछ समय पहले ही उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था. गोल्डी बरार के खिलाफ भारत में 16 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. वह भारत से कनाडा भाग गया था. लेकिन कुछ समय पहले उसने कैलिफोर्निया को अपना नया ठिकाना बना लिया था. 29 मई को सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी. उन्हें सरेआम गोलियों से भूना गया था. मूसेवाला की हत्या का मास्टरमाइंड गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई को बताया गया था. लेकिन गोल्डी बरार को कनाडा में खतरा महसूस हो गया था. दरअसल, कनाडा में मूसेवाला के बड़ी संख्या में फैन मौजूद हैं. इतना ही नहीं कनाडा में गोल्डी बरार के अन्य कई दुश्मन गैंग भी सक्रिय हैं. ऐसे में वह कैलिफोर्निया के FRESNO सिटी में आकर रहने लगा था. भारत की सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों ने बताया कि गोल्डी बरार को 20 नवंबर को हिरासत में लिया गया. हालांकि, इस बारे में अभी तक कैलिफॉर्निया की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी भारत सरकार को नहीं दी गई. लेकिन खुफिया विभाग, रॉ, आईबी, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, पंजाब इंटेलिजेंस को इस तरह के इनपुट्स मिले हैं कि गोल्डी बरार की लोकेशन मिलने के बाद उसे कैलिफॉर्निया के Sacramento से हिरासत में लिया गया. गोल्डी ने कैलिफोर्निया में कानूनी मदद के जरिये राजनीतिक शरण की अपील की कोशिश की थी, ताकि उसे पकड़कर भारत न लाया जाए. इसके लिए उसने दो कानूनी जानकारों से मदद भी लेनी चाही थी. लेकिन एक वकील ने गोल्डी का आपराधिक बैकग्राउंड देखकर केस लड़ने से मना कर दिया. इसके बाद उसने दूसरे वकील से मदद ली. राजनीतिक शरण तब लगाई जाती है जब कोई यह दिखाने की कोशिश करे की वह जिस देश का रहने वाला है वहां उसपर जुल्म हुआ और वहां उसे न्याय नहीं मिल पाएगा.पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाले सतविंदर सिंह उर्फ गोल्डी बरार का जन्म 1994 में हुआ था. सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है. पिछले साल, पंजाब के फरीदकोट जिले की एक अदालत ने युवा कांग्रेस नेता गुरलाल सिंह पहलवान की हत्या के मामले में गोल्डी बरार के खिलाफ एक गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. 16 से अधिक आपराधिक मामलों में गोल्डी बरार की तलाश है. वो साल 2017 में छात्र वीजा पर कनाडा गया था. गोल्डी BA की डिग्री हासिल कर चुका है. उसकी 5 अलग-अलग तस्वीरें पंजाब पुलिस के डोजियर में हैं, तस्वीरें देखने से पता चलता है की हालात के साथ वो अपना हुलिया बदलता रहा है. गोल्डी A+ कैटगरी का गैंगस्टर है और कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया हुआ है. गोल्डी बरार पर हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी जैसे संगीन मामले दर्ज हैं, गोल्डी पर पंजाब में कुल 16 मामले दर्ज हैं, जिसमें 4 में वो बरी हो चुका है. कनाडा भागने से पहले गोल्डी की पंजाब के फिरोजपुर और श्री मुक्तसर साहिब में आपराधिक गतिविधियां चरम पर थी. पिछले दिनों इंटरपोल ने गोल्डी बरार के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था. गोल्डी बरार ने कनाडा में बैठकर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश रची थी. इस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से भी पूछताछ की जा रही है. गोल्डी बरार लॉरेंस बिश्नोई के करीबियों में से है. दोनों कॉलेज के समय से ही साथ में हैं. गोल्डी बरार पर हत्या, हत्या की कोशिश, आपराधिक साजिश रचने और हथियारों की तस्करी करने का आरोप है.
Edited By : Rahman











Total Users : 71637
Total views : 73148