गोरखपुर, क्राइम इंडिया संवाददाता : शादीशुदा प्रेमिका ने युवक को पीपीगंज क्षेत्र में स्थित अपने घर बुलाकर पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। शव को 24 घंटे उसने घर में छिपाए रखा। अगले दिन गांव से सात किमी दूर सहजनवां क्षेत्र में रेगुलेटर के पास बांध किनारे बोरे में भरकर शव को फेंका था। महिला अपने पति के साथ शव को बाइक से ले गई थी। पति बाइक चला रहा था और वह शव लेकर बैठी थी। शनिवार की सुबह सहजनवां थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने शनिवार की दोपहर पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर की सुबह सहजनवां थाना क्षेत्र के माडर रेगुलेटर के पास बोरे में बंधा युवक का शव मिला था। अगले दिन उसकी पहचान खोराबार के लालपुर टीकर गांव के छावनी टोला निवासी मुन्ना कुमार के रूप में हुई। पहचान होने के बाद सर्विलांस की मदद से पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि 12 दिसंबर को मुन्ना पीपीगंज के बेलघाट बुजुर्ग गांव निवासी राहुल शर्मा के घर गया था। जांच करने पर पता चला कि मुन्ना के गांव की रहने वाली सीता की शादी राहुल शर्मा से हुई है। सीता से मुन्ना का प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी वह खुद को मुंहबोला भाई बता सीता से मिलने उसकी ससुराल जाता था। बढ़ई का काम करने वाले राहुल शर्मा को दोनों के संबंध की जानकारी नहीं थी। दीपावली में लौटने पर राहुल को जानकारी हो गई, जिसके बाद परिवार में विवाद होने लगा। कलह बढ़ने पर दोनों ने मुन्ना को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। सीता ने 12 दिसम्बर को मुन्ना को अपने घर बुलाया। योजना के अनुसार राहुल ने उसे शराब पिलाई। नशे में धुत होने पर सिर पर डंडे से हमला कर हत्या कर शव को कमरे में छिपा दिया। अगले दिन रात में बाइक से शव को सहजनवां क्षेत्र में ले जाकर बांध किनारे फेंक दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए मुन्ना का मोबाइल फोन व जूता सिसई घाट के पास राप्ती नदी में फेंक दिया। घटना का पर्दाफाश होने पर पुलिस की गश्त को लेकर खड़े हो रहे सवाल पर एसएसपी ने बताया कि इसकी जांच चल रही है।
Edited By : Rahman











Total Users : 71637
Total views : 73148