नई दिल्ली, क्राइम इंडिया संवाददाता। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों का परिचालन आनंद विहार बस अड्डे से भी रात आठ बजे बंद कर दिया गया। इसकी वजह से रात में उप्र के अलग-अलग जिलों में जाने के लिए पहुंचे यात्री भटकते रहे। उन्हें अपने गंतव्य स्थान पर जाने के लिए रोडवेज की बसें नहीं मिलीं। कुछ यात्रियों ने अधिक किराया के साथ निजी बसों का विकल्प चुना तो कुछ वापस भी लौट गए। मंगलवार रात आठ बजे बस अड्डे में यूपीएसआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह पहुंचे। उन्होंने यहां के अधिकारियों को निगम की बसों के परिचालन पर रोक लगाने का आदेश दिया। इसके बाद सभी बसों को यहीं रोक दिया गया। हालांकि आनंद विहार बस अड्डे के बाहर से निजी बसों का परिचालन चालू था। इस कारण कुछ यात्री उनमें जाकर सवार हो गए। लेकिन बस अड्डे के अंदर बसें खड़ी रहीं। यात्रियों का कहना था कि रात में बसों का परिचालन बंद होने की उन्हें जानकारी ही नहीं थी। अगर जानकारी होती तो वे यहां नहीं आते। कुछ यात्री अकेले थे। लेकिन कुछ परिवार के साथ भी आए थे। इन्हें सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। आसपास कहीं ठहरने की व्यवस्था न होने से ये काफी नाराज नजर आए। मैं तिलक नगर से यहां पहुंचा था। मुझे एटा जाना था। मैं दो घंटे से यहां बस का इंतजार कर रहा हूं। लेकिन कोई विकल्प नहीं मिल रहा है। मुझे बसों का परिचालन बंद होने की जानकारी नहीं थी।
Edited by : Rahman











Total Users : 72389
Total views : 74239