गोड्डा, क्राइम इंडिया संवाददाता । गोड्डा-हंसडीहा रेलखंड पर गोड्डा रेलवे स्टेशन से पांच किमी दूर कुरमन रेल पुल के पास रांची से आ रही इंटरसिटी ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय धनसर राय के रूप में हुई है। धनसर की मौत की सूचना पर कुरमन सहित आसपास के गांवों से काफी संख्या में लोग वहां जुट गए। एक साल पूर्व भी उक्त स्थान पर ही कुरमन गांव के युवक सुनील की भी ट्रेन से कटकर मौत हुई थी। वहीं, गोड्डा से पोड़ैयाहाट के बीच बीते दो साल में आठ लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह कुरमन रेल पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से फिर कुरमन निवासी युवक धनसर राय नामक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। शव कई टुकड़ों में रेल की पटरी पर बिखर गया। सूचना पाकर नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची। हादसे के बाद कुरमन रेलवे पुल के समीप लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह रांची से आ रही इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से 38 वर्षीय धनसर राय की मौत हुई। धनसर के पिता का नाम स्व बद्री राय है। घटनास्थल पर स्वजनों सहित ग्रामीणों ने रेल प्रशासन से मुआवजे की मांग की। गांव में मातम का माहौल है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी सहित दो बच्चे शव के साथ विलाप कर रहे हैं। नगर थाना प्रभारी उपेंद्र महतो ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतक धनसर राय की पत्नी ने पुलिस को बताया कि घर में कोई विवाद भी नहीं हुआ था। ट्रेन के कटकर आत्महत्या करने की कोई वजह नहीं है। रेल की पटरी पार कर धनसर मजदूरी करने जा रहे थे। तभी यह हादसा हुआ। बहरहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।
Edited By : Rahman











Total Users : 73277
Total views : 75393