पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता : बीएसएफ के दक्षिण बंगाल सीमांत के जवानों ने बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के प्रयासों को नाकाम कर 22 सोने के बिस्किटों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बीएसएफ ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि जब्त सोने का कुल वजन 2.566 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ 44 लाख रुपये से अधिक है। तस्कर सोने के बिस्किटों को बांग्लादेश से भारत में तस्करी की फिराक में था। दक्षिण बंगाल सीमांत, बीएसएफ के प्रवक्ता व डीआइजी अमरीश कुमार आर्य ने बताया कि यह घटना बल की सीमा चौकी जयंतीपुर, 158वीं वाहिनी के इलाके की है, जहां खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को जवानों ने सोना जब्त किया। उन्होंने बताया कि गांव जयंतीपुर में फेंस गेट के पास एक मोटरसाइकिल के साथ दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े थे। जवानों ने जब उनसे पूछताछ व तलाशी ली तो वे दोनों घबरा गए तथा वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन मुस्तैद जवानों ने बिना कोई मौका दिए दोनों को वहीं दबोच लिया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे, इम्प्रोवाइज कैविटी से काले रंग के कपड़े में लिपटे हुए तीन पैकेट मिले, जिनके अंदर से 22 सोने के बिस्किट बरामद हुए। पकड़े गए तस्करों की पहचान जाहिर हुसैन मोल्ला तथा गयासुद्दीन मंडल, जिला- उत्तर 24 परगना के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने ये सोने के बिस्किट करीम मंडल, जिला जेस्सोर, बांगलादेश से लिए थे। बीएसएफ की ड्यूटी प्वाइंट पार करके इसे उत्तर 24 परगना जिले के रहने वाले राजू विस्वास को सौंपना था। इस काम के लिए उन्हें 20,000 रुपये मिलने थे। पकड़े गए तस्करों और जब्त सोने को बीएसएफ ने कस्टम कार्यालय, पेट्रापोल को सौंप दिया है। इधर, इस सफलता पर 158वीं वाहिनी के कमांडिंग आफिसर ने बताया कि तस्कर नित नए-नए तरीकों से तस्करी करने की कोशिश करते हैं, लेकिन बीएसएफ जवानों की सतर्कता और सूझबूझ के कारण तस्कर लगातार पकड़े जा रहे हैं और उनके मंसूबे धाराशाही हो रहे हैं।
Edited By : Raees Khan











Total Users : 71637
Total views : 73148