पश्चिम बंगाल : केन्द्र सरकार पर एक बार फिर हमलावर हुई ममता बनर्जी, कहा- भाजपा के खिलाफ बोलने पर पहुंच जाती है सीबीआई- ईडी

पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता : बंगाल के प्रति केंद्र के कथित भेदभावपूर्ण रवैये व राज्य को उसके हिस्से का धन नहीं देने के विरोध में कोलकाता में बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गुरुवार को मोदी सरकार पर एक बार फिर करारा हमला बोला। आंबेडकर मूर्ति के सामने धरने के दूसरे दिन ममता केन्द्र सरकार पर हमलावर नजर आ रही थी। ममता ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरूपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि कोई भी विपक्षी नेता यदि भाजपा के खिलाफ बोलते हैं, तो अगले ही दिन उनके घर सीबीआई और ईडी पहुंच जाती है। ममता बनर्जी ने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों को छोड़ केन्द्र ने अन्य राज्यों को बहुत सारी केंद्रीय योजनाओं का पैसा देना बंद कर दिया है। बंगाल के साथ केंद्र सबसे ज्यादा भेदभाव कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में सबसे ज्यादा यानि कुल 63 केंद्रीय योजनाएं बंद हो चुकी है, क्योंकि इसके लिए पैसा नहीं मिल रहा है। ममता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा विपक्ष में सभी को भ्रष्ट और देशद्रोही बता रही है और केवल खुद ईमानदार और देशभक्त है। विपक्ष में किसी भी पार्टी के नेता नहीं बचे हैं, जिनके खिलाफ सीबीआई व ईडी का रेड नहीं हुआ है। ममता ने कहा कि भाजपा ने देश में एलआईसी, एसबीआई से लेकर सबकुछ बेच दिया है। सिर्फ कुछ लोग देश चला रहे हैं। ममता ने कहा कि मनरेगा योजना के क्रियान्वयन में बंगाल के लगातार पांच साल तक नंबर एक होने के बावजूद उसका सारा पैसा रोक दिया है। लोगों से काम करवाकर केन्द्र ने मनरेगा का 7,000 करोड़ का भुगतान नहीं किया है। इसी तरह ग्रामीण सड़क में चार बार प्रथम होने के बावजूद इसका पैसा बंद कर दिया है। ग्रामीण आवास योजना में भी घरों के स्वीकृत होने के बाद भी पैसा नहीं दिया। ममता ने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव के समय बड़ी- बड़ी बातें करती हैं, लेकिन जब देने की बात आती है तो, बंगाल को बड़ा लड्डू दिया। ममता ने कहा कि केंद्र जीएसटी के माध्यम से राज्यों का सारा पैसा ले जा रहा है, लेकिन राज्य का बकाया नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि बकाया राशि के भुगतान के लिए मैं व्यक्तिगत रूप से तीन बार प्रधानमंत्री से मिली और आवेदन जमा किया। हमारे सांसदों ने भी प्रधानमंत्री को सूचित किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ममता ने कहा कि 2024 में इस तानाशाही सरकार को जनता उखाड़ फेकेंगी।

Edited By : Raees Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This