पश्चिम बंगाल, क्राइम इंडिया संवाददाता : राजधानी कोलकाता के गणेश चंद्र एवेन्यू में बंगाल सरकार के एक कार्यालय में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के पशु संसाधन विकास विभाग (एआरडी) के एक कार्यालय की इमारत की चौथी मंजिल पर सुबह करीब 10 बजे लगी आग पर कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने 11 इंजनों की मदद से काबू पाया। इमारत में परिवहन और पशु संसाधन विभाग के अलावा राज्य सरकार के कुछ अन्य विभागों के दफ्तर भी मौजूद हैं। इसीलिए आग से कई सरकारी दस्तावेजों के नष्ट होने सहित भारी नुकसान की खबर है। अधिकारी के अनुसार, हालांकि आग लगने के समय कार्यालय में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था, इसलिए घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग ने शार्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान जताया है। आग के चलते इलाके में घंटों अफरातफरी का माहौल रहा। आग से पूरे इलाके में काला धुंआ छा गया। आग की तपिश से इमारत के ज्यादातर शीशे टूट गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दोपहर बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। आगे के चलते दिन में व्यस्त घंटों में कार्यालयों आने वालों व स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल रहा।
Edited By : Raees Khan











Total Users : 72357
Total views : 74198